मध्यप्रदेश के खंडवा स्थित जिला अस्पताल में खून की कमी से जूझ रहे एक मरीज द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी लगते ही अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरीज का शव अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर बने एयर डक्ट से गिरकर दूसरी मंजिल के डक्ट में फंस गया था। जिसे तुरंत स्टाफ ने रेस्क्यू कर डक्ट को खोलकर बाहर निकाला।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यह मरीज एनीमिया की बीमारी से पीड़ित था और इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती था। रविवार रात को वह अचानक अस्पताल से लापता हो गया, जिसके बाद अस्पताल स्टाफ के साथ परिजन भी उसकी खोजबीन में जुट गए। परिजनों ने इसकी सूचना मोघट थाना पुलिस को देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी बीच पुलिस ने अस्पताल स्टाफ के साथ मिलकर मौके पर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि मरीज रात करीब 8 बजे बाथरूम गया था, लेकिन वापस नहीं आया। इसके बाद बाथरूम की तलाशी ली गई, तब पता चला कि बाथरूम अंदर से बंद है। जब किसी तरह दरवाजा खोला गया, तो मालूम चला कि बाथरूम की खिड़की तोड़कर मरीज एयर डक्ट में कूद गया था। बाद में उसका शव डक्ट से बाहर निकाला गया।
ये भी पढ़ें:
सड़क पर संबंध, जेल में नेताजी, ब्लैकमेल-वायरल वीडियो से लेकर गिरफ्तारी तक की कहानी; वो आठ मिनट पड़े भारी
अस्पताल प्रबंधक रणजीत बड़ोले ने बताया कि खंडवा के सूरजकुंड का रहने वाला मोहनलाल एनीमिया का मरीज था, जिसे खून की कमी और घबराहट के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसका हीमोग्लोबिन स्तर लगभग 5 ग्राम था। इसलिए उसे 23 तारीख को एक यूनिट ब्लड भी चढ़ाया गया था। वार्ड की नर्सों ने बताया कि रात में परिजनों को अवगत कराया गया कि मरीज अपने बेड पर नहीं है।
ये भी पढ़ें:
महिला से रातभर दरिंदगी, आंतें बाहर आईं, बच्चेदानी फटी, परिजन घर लाए पर नहीं बुलाई पुलिस; पूरी कहानी
सुबह सीसीटीवी कैमरे देखने पर पता चला कि मरीज रात में बाथरूम के अंदर गया था और उसे अंदर से लॉक कर लिया था। जब एक व्यक्ति को किसी तरह बाथरूम में भेजकर पड़ताल की गई, तो खिड़की के कांच टूटे हुए मिले। बाद में जब डक्ट में देखा गया, तो उसका शव डक्ट के अंदर फंसा हुआ पाया गया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सोलंकी ने बताया कि अस्पताल में मरीज का शव मिलने की सूचना के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल, मोघट थाना पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।