देश ही नहीं पूरी दुनिया में बसे भारतवासी इस समय देश की आजादी का जश्न अपने-अपने तरीकों से मना रहे हैं। इस महोत्सव को मनाने के लिए देशवासी पहाड़ों, जंगलों से लेकर नदी तालाबों की धाराओं पर भी देश की शान तिरंगे को लहरा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के खंडवा नगर में सामने आया है, जहां तैराकों के एक ग्रुप ने नदी की तेज धारा में, लहरों के बीच तिरंगा झंडा लहराते हुए, पानी पर भी तिरंगा यात्रा निकाल दी।
बता दें कि बीते तीन साल से निकाली जा रही अपनी तरह की इस अनोखी तिरंगा यात्रा को,इस बार भी रविवार को हो रही बारिश के बावजूद बीच नदी की लहरों पर तैर कर निकाला गया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश वासियों से हर घर तिरंगा अभियान को लेकर अपील की हुई है। जिसके बाद आमजन भी इस अभियान को आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं। वहीं तैराक समूह लहरों के राजा ग्रुप के इस तिरंगा अभियान की तारीफ प्रधानमंत्री मोदी भी कर चुके हैं।
तिरंगे की शान के लिए किया जाए कुछ अलग
खंडवा नगर के तैराक ग्रुप 'लहरों के राजा' ने पानी पर तिरंगा फहराने का अभियान आजादी के अमृत महोत्सव यानी 75वें स्वतंत्रता दिवस से शुरू किया था। तभी से ये लोग हर साल नदी के पानी पर तैरते हुए तिरंगा यात्रा निकालते हैं। यह यात्रा 15 अगस्त तक यूं ही हर रोज निकाली जाती है। यात्रा में तैराक दल अपने हाथों में तिरंगा लिए तैरते हुए एक स्थान से दूसरे स्थान पर यात्रा निकालते हैं। तैराक दल के कुछ सदस्य गहरी नदी के बीचो बीच गहराई में उतरकर तिरंगा फहराते हैं। लहरों के राजा नाम के इस तैराक ग्रुप से जुड़े सदस्य संजय शर्मा ने बताया कि देश में हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। ऐसे में हम सभी सदस्यों के मन में विचार आया कि क्यों न तिरंगे की आन बान शान के लिए कुछ अलग किया जाए। इसलिए हमनें बीच नदी में तिरंगा फहराने का काम किया है। हम पिछले तीन सालों से इस तरह की तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं। शर्मा ने बताया कि हम लहरों के राजा परिवार के सदस्य नियमित यहां तैराकी करने आते हैं।
हर साल हो रहा लोगों का इजाफा
लहरों के राजा ग्रुप के सदस्य युसूफ राजा ने बताया कि हमें यह विचार तीन-चार साल पहले आया था। तभी से हर 15 अगस्त को हम लोगों को मोटिवेट करने के लिए यह यात्रा निकालते हैं। लोग जब इस यात्रा को देखते हैं तो उनके अंदर भी देशभक्ति का जोश जागृत होता है। बारिश के बीच निकली इस यात्रा को लेकर युसूफ राजा कहते हैं कि हम लोग एक्साइटेड रहते हैं हर बार यात्रा के लिए। खासकर बारिश में इस तरह यात्रा में और आनंद आता है। हमारी इस यात्रा में हर साल लोगों के इजाफा हो रहा है।
हर समाज के लोग होते हैं शामिल
लहरों के राजा परिवार के एक अन्य सदस्य राजकुमार सिसोदिया ने बताया कि हम हर वर्ष इस यात्रा को निकाल रहे हैं। इस यात्रा में सभी धर्म के लोग शामिल होते हैं, ताकि एक देश एक राष्ट्र की भावना सभी में जागृत हों। तिरंगे के सम्मान में इस यात्रा को हर धर्म समाज के लोग मिलकर निकालते हैं। हर देश का एक सम्मान होता है। हमारे देश के सम्मान का प्रतीक तिरंगा है। जिसे लोग पहाड़ों से लेकर नदियों तक फहराते हैं। इसी तरह हम भी पानी में तैरते हुए तिरंगा यात्रा निकालते हैं।
पीएम मोदी भी दे चुके हैं शुभकामना
बता दें कि तीन वर्ष पहले यानी आजादी के अम्रत महोत्सव पर जब खंडवा के तैराक दल लहरों के राजा ने इस तरह पानी पर तैरते हुए तिरंगा यात्रा की शुरुआत की थी। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इनकी इस तिरंगा यात्रा से खुश हुए थे, और उस समय उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर इन्हें शुभकामनाएं भी दी थी।
तैरते हुए निकाली अनोखी तिरंगा यात्रा