रबी के फसलों की बुवाई का समय चल रहा है। ऐसे में खाद किसानों के लिए बहुत जरूरी है। लेकिन विंध्य क्षेत्र में जारी खाद संकट पर ब्रेक नहीं लग रहा है। खाद संकट पर सरकार की सफाई के दावों की पोल खोलने वाली खबर आई है एक खाद वितरण केंद्र से। दरअसल, मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में खाद संकट लगातार गहराता जा रहा है। किसानों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का जब समाधान नहीं हुआ, तो इस बार महिलाएं खुद मैदान में उतर आईं। मंगलवार को अमरपाटन में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जिला प्रशासन को सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया। जिन नेताओं को किसानों की आवाज़ बनना था, उनकी चुप्पी से निराश होकर महिलाएं अब खुद सड़कों पर उतर रही हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक लाडली बहना खुलकर जिला प्रशासन से भिड़ रही है और किसानों के हक की लड़ाई लड़ रही है। महिलाएं कह रही हैं कि अगर समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुई, तो किसानों की फसलें चौपट हो जाएंगी और उनकी साल भर की मेहनत पर पानी फिर जाएगा।
खाद वितरण केंद्र में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर पहुंचीं कलेक्टर रानी बाटड़ को गाड़ी से उतरना पड़ा। उन्होंने महिलाओं और किसानों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि प्रशासन जल्द ही खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। लेकिन महिलाओं का गुस्सा इस बात पर था कि आखिर हर साल यही समस्या क्यों होती है और नेताओं व अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया जाता।
महिलाओं के आंदोलन ने अमरपाटन के सफेदपोश नेताओं की चुप्पी पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। किसानों का कहना है कि चुनाव के समय वोट मांगने आने वाले नेता आज खाद संकट पर खामोश क्यों हैं? महिलाएं कह रही हैं कि अगर उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन होगा।
ये भी पढ़ें- PM Modi: क्या इंदिरा-नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ेंगे नरेंद्र मोदी? ऐसी है सबसे लंबे समय तक पीएम रहने वालों की सूची
अमरपाटन क्षेत्र के किसान लंबे समय से खाद की कमी से जूझ रहे हैं। खरीफ सीजन की फसलों के लिए समय पर खाद उपलब्ध न होना किसानों की सबसे बड़ी समस्या है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो धान और सोयाबीन की फसलों पर सीधा असर पड़ेगा। मैहर कलेक्टर की गाड़ी रोकने के बाद किसानों का गुस्सा टूटा है लेकिन इसके बावजूद भी अभी तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारियों का बयान सामने नहीं आया
ये भी पढ़ें- Live PM Modi MP Visit Live: पाकिस्तान पर निशाना, स्वदेशी अपनाने की अपील, PM मोदी बोले- जो भी खरीदें देश में बना हो