मंडला जिले के निवास-कुंडम मार्ग पर स्थित छिताखुदरी-बिलटुकरी जलाशय में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। जलाशय में नहाने उतरा एक मजदूर अचानक बढ़े पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक कुछ ही सेकंड में तेज बहाव के बीच पानी में ओझल होता दिखाई दे रहा है।
नहाने के दौरान अचानक बढ़ा पानी का बहाव
जानकारी के मुताबिक, बहने वाला मजदूर मूल रूप से बंगाल का रहने वाला बताया जा रहा है और मजदूरी का काम करता था। रविवार को वह जलाशय में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और उसे संभलने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते वह गहरे पानी में बह गया।
रेस्क्यू टीम ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही कुंडम पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से मजदूर की तलाश शुरू की गई। रेस्क्यू टीम लगातार जलाशय में उसकी तलाश कर रही है, लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस के अनुसार, अभी तक उसकी आधिकारिक पहचान भी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
ये भी पढ़ें-
MP: 'गरीबों को बांट देते तो बेहतर होता', डिंडोरी में बारिश से धान खराब होने पर भड़के बीजेपी विधायक; उठाए सवाल
बारिश के बीच प्रशासन की सख्त चेतावनी
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में नदी, नाले और जलाशयों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने चेताया है कि जलाशय या नदी का पानी शांत दिखाई देने के बावजूद अचानक तेज बहाव में बदल सकता है। ऐसे में लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।