राजगढ़ जिले के सारंगपुर में सोमवार को लोकायुक्त की टीम ने जमीन के नामांतरण के मामले में रिश्वत की मांग करने वाले एसडीएम के रीडर को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। इसके बाद राजगढ़ कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा ने आरोपी रीडर को निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह मामला जमीन के नामांतरण से जुड़ा है। फरियादी आयाज बैग ने एसडीएम कोर्ट में चल रहे एक नामांतरण प्रकरण के लिए रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। आयाज बैग से एसडीएम कार्यालय के रीडर शक्ति सिंह ने 30 हजार रुपये की मांग की थी, जिसके बाद आयाज ने लोकायुक्त को इस बारे में सूचित किया। लोकायुक्त की टीम ने जांच के बाद आयाज को 5 हजार रुपये की रिश्वत देने की योजना बनाई। जैसे ही रीडर शक्ति सिंह ने रिश्वत ली, उसे लोकायुक्त की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
लोकायुक्त टीम की निरीक्षक उमा कुशवाह के अनुसार, फरियादी ने मस्जिद की जमीन के नामांतरण के लिए रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी, जो जांच में सही पाई गई। एसडीएम के रीडर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद जिला कलेक्टर ने शक्ति सिंह को तुरंत निलंबित कर दिया और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए। राजगढ़ जिला जनसंपर्क विभाग के अधिकारी सुनील तिवारी ने इस मामले की जानकारी साझा की, जिसमें बताया गया कि कलेक्टर ने इस मामले की गहन जांच के आदेश भी जारी किए हैं।