शाजापुर शहर के गरासिया घाट स्थित नीलकंठेश्वर महादेव भादौ मास के दूसरे सोमवार शाही ठाठ से नगर भ्रमण पर निकले। बाबा की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु आतुर दिखे। सवारी मार्ग पर कई जगह स्वागत द्वार और मंच सजाए गए। जहां से बाबा नीलकंठेश्वर का स्वागत करने के साथ पूजन किया गया। सवारी में भगोरिया नृत्य पार्टी, ताशा पार्टी, नयनाभिराम झांकियां और झांकी में बने कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। सवारी में भगोरिया पार्टी के कलाकारों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर भगोरिया नृत्य किया। सवारी में शामिल भक्त भोलेनाथ की भक्ति में झूमते गाते नजर आए।
सवारी में मलखंभ खिलाड़ियों ने भी हैरतअंगेज करतब दिखाए। बाबा नीलकंठेश्वर की शाही सवारी में देवी देवताओं के स्वरुप में कलाकार शामिल रहे। कलाकारों के साथ सेल्फी लेने का क्केज भी लोगों में दिखाई दिया। सवारी के लिए मंदिर समिति ने भगवान कृष्ण और भीष्म पितामाह की आकर्षक झाकियां भी सजाई थी। नीलकंठ भगवान महादेव की सवारी की शुरुआत गरासिया घाट स्थित मंदिर से दोपहर पांच बजे हुई जो देर रात तक नगर भ्रमण कर मंदिर पहुंची। डमरू मंडली, ढोल, बग्गी और तोप से पुष्पवर्षा हुई तो भक्त भगवान के जयकारे लगाते नजर आए। सवारी नगर के मुख्य मार्ग हाट मैदान, चीलर नदी चौराहा, महपुरा, गायत्री मंदिर, स्टेशन रोड, धोबी चौराहा, नहर की पुलिया से हनुमान मंदिर के सामने से आदर्श कालोनी, टंकी चौराहा, भगत सिंह मार्ग से पुनः हाट मैदान होती हुई मंदिर पहुंची।
तोप से हुई पुष्पों की वर्षा
सवारी में तोप से पुष्पों की वर्षा की गई। डीजे, बैंड, ढोल-नगाड़े और ताशे पर युवा जमकर थिरकते नजर आए। नगरवासियों ने भी पलक-पावड़े बिछाकर महादेव की पालकी का इंतजार किया। भक्तों ने ऊंची इमारतों की छतों से फूल बरसाए तो रहवासियों ने अपने घर के बाहर पूजा कर स्वागत किया।
सवारी मार्ग पर कराई सफाई
नगर पालिका द्वारा सोमवार को नीलकंठेश्वर महादेव की सवारी मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नगर पालिका की टीम ने मदिर से लेकर पूरे सवारी मार्ग पर सफाई कराई। साथ ही लोगों को भी स्वच्छता अभियान को लेकर जागरूक किया। नीलकेंठव्र महादेव मंदिर पर सवारी प्रारंभ होने के पहले विशेष पूजन अर्चन किया गया। भघवान भोलेनाथ का अभिषेक और महाआरती करने के बाद उन्हें पालकी में सवार कराया गया।
मक्सी में निकली मारकंडेश्वर महादेव की शाही सवारी, ऊंट, घोड़े और भूतों की बारात भी रही शामिल
शाजापुर में श्रावण के बाद भादाै माह में भी देवाधिदेव महादेव की भक्ति का दाैर चल रहा है। भादाै मास के सोमवार को जिले के मक्सी में मारकंडेश्वर महादेव की शाही सवारी निकली। इस सवारी में हजारों लोग शामिल हुए। सवारी में उंट, घोड़ों के साथ ही ताशा और ढोल पार्टी शामिल रहीं। भूतों की बारात आयोजन का आकर्षण रहा।
धूमधाम से बाबा मारकंडेश्वर प्रजा का हाल जानने शहर भ्रमण पर निकले। लाव लश्कर के साथ निकले बाबा मारकंडेश्वर के दर्शन पाकर भक्त उत्साहित दिखे। कचहरी चौक से शाम को महाआरती की बाद शुरू हुई शाही सवारी एबी रोड पहुंची। हजारों लोग सड़कों पर बाबा की एक झलक पाने को आतूर दिखाई दिए। शाही सवारी का विभिन्न संगठनों, समाजजनों और श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया गया । सवारी में भूतों की बरात के साथ ही देव स्वरुप में भी कलाकार शामिल रही। सवारी के दाैरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे और पुलिस टीम पूरे समय माैजूद रही। शाही सवारी में भक्तो का ऐसा सैलाब उमड़ा की एक किलोमीटर की दूरी तय करने में सवारी को चार घंटे लगे। शाही सवारी नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए रात नाै बजे शिव मंदिर मठ पर पहुंची। सवारी मार्ग को दुल्हन की तरह सजाया गया।
कई दिनों से की जा रही थी तैयारी
शाही सवारी को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए कई दिनों से तैयारी की जा रही थी। पिछले 15 दिनों से इन तैयारियों को अंतिम रुप दिए जाने का काम हो रहा था। आयोजनकर्ता हिंदू उत्सव समिति द्वारा आयोजन को एतिहासिक बनाने के लिए सभी वर्गों का सहयोग लिया गया।