भारी वर्षा के कारण मुंबई रेल मंडल के घोलवड–उमरगांव रोड रेलखंड में जलभराव की स्थिति निर्मित होने से दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग का यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है। जलभराव के चलते रतलाम होकर चलने वाली नौ ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है। वहीं सात से आठ ट्रेनों को रतलाम मंडल के रतलाम, नागदा, बामनिया, बांगरोद, नामली, लिमखेड़ा आदि स्टेशनों पर रोका गया। रेल यातायात प्रभावित होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार मुंबई क्षेत्र में बुधवार व गुरुवार की दरमियानी रात भारी बारिश होने से घोलवड–उमरगाम रोड रेल खंड पर जलभराव हो गया। इसके कारण रेल यातायात अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है तथा मुंबई की तरफ से आने व मुंबई की तरफ जाने वाली अनेक ट्रेने प्रभावित हो गईं। सुरक्षा की दृष्टि से गुरुवार को अनेक ट्रेनों को रतलाम मंडल के बांगरोद, नागदा, बामनिया, नामली आदि स्टेशनों पर रोका गया। घंटों ट्रेनें खड़ी होने से यात्री परेशान होते रहे और बार-बार जानकारी लेते रहे कि ट्रेनें कब रवाना होंगी। रेलवे अधिकारी व कर्मचारी उन्हें समय-समय पर जानकारी देते रहे। जैसे-जैसे अगले स्टेशनों की स्थिति क्लीयर हो रही है, वैसे-वैसे ट्रेनों को आगे बढ़ाया जा रहा है। रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मुंबई क्षेत्र में भारी बारिश होने के कारण रेलवे ट्रेक पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई, इसके कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। इसके परिणामस्वरूप रतलाम रेल मंडल से होकर गुजरने वाली 09 ट्रेनों को निरस्त किया गया है तो कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
ये ट्रेनें की गईं निरस्त
23 जुलाई 2026 को अपने आरंभिक स्टेशन से चलने वाली चार ट्रेनों को निरस्त किया गया है। रेल खंड पर जलभराव होने से 23 जुलाई को बांद्रा से चलने वाली
ट्रेन संख्या 12909 बांद्रा टर्मिनस–हज़रत निज़ामुद्दीन गरीब रथ एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल से चलने वाली ट्रेन संख्या 12953 मुंबई सेंट्रल–हज़रत निज़ामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 12955 मुंबई सेंट्रल–जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 22975 बांद्रा टर्मिनस-रामनगर एक्सप्रेस और 12903 मुंबई सेंट्रल-अमृतसर गोल्डन टेम्पल एक्सप्रेस को निरस्त किया गया है। इसी प्रकार 24 जुलाई को नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन संख्या 12952 नई दिल्ली-मुंबई सेंट्रल राजधानी एक्सप्रेस, उदयपुर से चलने वाली ट्रेन संख्या 22902 उदयपुर सिटी-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस और 25 जुलाई को चलने अमृतसर से चलने वाली ट्रेन संख्या 12926 अमृतसर-मुंबई सेंट्रल पश्चिम एक्सप्रेस और वैष्णोदेवी कटरा से चलने वाली ट्रेन संख्या 12472 श्रीमाता वैष्णोदेवी-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को निरस्त किया गया है।
ये भी पढ़ें- प्रदेश के पहले डबलडेकर ब्रिज को ट्रैफिक के लिए खोला, सीएम ने किया लोकार्पण
परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रही ये ट्रेनें
22 जुलाई 2026 को त्रिवेन्द्रम से चली ट्रेन संख्या 22633 त्रिवेन्द्रम-निजामुद्दीन एक्सप्रेस वाया दौंड–जलगांव–पालधी–उधना-सूरत होकर तथा एर्नाकुलम से प्रस्थान की गई ट्रेन संख्या 22633 त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस वाया दौंड, जलगांव, पालधी, उधना व सूरत होकर चलेगी। इसी प्रकार 23 जुलाई 2026 को खडकी से प्रस्थान करने वाली ट्रेन संख्या 09323 खडकी-इंदौर स्पेशल ट्रेन को वाया लोनावला- कर्जत- पनवेल- कल्याण- इगतपुरी-जलगांव–पालधी–सूरत होकर और हजरत निजामुद्दीन से चलने वाली ट्रेन संख्या 12264 हजरत निजामुद्दीन- पुणे दुरंतो एक्सप्रेस को भी परिवर्तित मार्ग वाया सूरत, पालधी, जलगांव व मनमाड़ होकर चलाया जा रहा है। ट्रेनों के समय, ठहराव व अन्य जानकारी के लिए यात्री www.enquiry.indianrail.gov.in वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही रेलवन एप के माध्यम से भी टेनों की नवीनतम जानकारी ले सकते हैं।
यात्रियों को उपलब्ध कराई भोजन एवं पेयजल की सुविधा
रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि दिल्ली–मुंबई रेलखंड पर संचालित कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होने से मुंबई की ओर जाने वाली अनेक ट्रेनों को रतलाम मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर नियंत्रित कर निर्धारित समय तक रोका गया। यात्रियों की सुविधा एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रतलाम रेल मंडल और स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा त्वरित राहत व्यवस्था सुनिश्चित की गई। मंडल के रतलाम, नामली, नागदा, मेघनगर, लिमखेड़ा, थांदला रोड तथा बामनिया स्टेशनों पर रुकी हुई ट्रेनों के यात्रियों को दाल-चावल, खिचड़ी, पोहा, कैले आदि का उपलब्धता के अनुसार वितरण किया गया तथा पेयजल की व्यवस्था की गई।
खानपान स्टाल पूर्ण क्षमता से संचालित करें
रतलाम रेल मंडल के संबंधित सभी स्टेशनों को निर्देशित किया गया है कि जब तक रेल परिचालन सामान्य नहीं हो जाता, तब तक सभी खान-पान स्टॉल अपनी पूर्ण क्षमता के साथ संचालित रहेंगे। स्टेशनों पर गुणवत्तापपूर्ण खाद्य सामग्री एवं पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। पेयजल की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखने के लिए स्टेशनों पर अतिरिक्त वाटर कैम्पर मंगाए गए हैं। साथ ही सभी स्टॉल संचालकों को भी पर्याप्त संख्या में पानी के कैम्पर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं जीआरपी के जवान स्टेशनों पर नियमित गश्त कर रहे हैं। रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी भी लगातार स्टेशनों पर उपस्थित रहकर यात्रियों को आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं तथा स्थिति सामान्य होने तक उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। साथ ही यात्रियों को समय-समय पर रेल परिचालन की अद्यतन जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।