रीवा जिले के अतरैला थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां तेल चक्की में फंसने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अनूप वर्मा (पिता अशोक कुमार वर्मा), निवासी जवा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल को अनूप वर्मा ग्राम लूक स्थित पप्पू यादव की तेल चक्की में तेल पिराने गया था। इसी दौरान वह मशीन में फंस गया, जिससे उसका हाथ शरीर से अलग हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पढ़ें: भोपाल में शिक्षक भर्ती पर बवाल, पद बढ़ाने की मांग पर प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, कई अभ्यर्थी घायल
बताया जा रहा है कि घटना के समय चक्की चला रहा युवक मौके से फरार हो गया, जबकि घायल अनूप खून से लथपथ हालत में मौके पर तड़पता रहा। परिजन उसे तत्काल संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई। विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर चक्का जाम कर दिया और चक्की संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ आर्थिक सहायता की मांग की है।