मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को अल्प प्रवास पर सतना जिले के तीर्थनगरी चित्रकूट पहुंचे। आरोग्यधाम पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, संगठन मंत्री अभय महाजन सहित कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।
साधु-संतों और प्रबुद्धजनों के साथ बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आरोग्यधाम में साधु-संतों, महंतों और प्रबुद्धजनों के साथ विशेष बैठक की। बैठक में चित्रकूट क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और पर्यटन विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के कारण भी देश-विदेश में विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चित्रकूट को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ पौराणिक आस्था का अनुभव हो सके।
ये भी पढ़ें-फिर सक्रिय राजनीति में लौटना चाहती हैं उमा भारती, खुलकर कहा- 2029 लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार
सांस्कृतिक कार्यक्रम में की शिरकत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आरोग्यधाम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति और धार्मिक नृत्य प्रस्तुतियों के साथ आदिवासी समुदाय के पारंपरिक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपनी प्रतिभा से प्रदेश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।
दीपोत्सव में जगमगाया चित्रकूट
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीपोत्सव कार्यक्रम में भाग लेकर दीप प्रज्ज्वलित किया। दीपों की हजारों पंक्तियों से पूरा चित्रकूट आलोकित हो उठा। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम की पावन स्थली चित्रकूट में दीपों का यह पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोक आस्था और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
कार्यक्रम में विधायकगण, साधु-संत, महंत और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरा चित्रकूट दीपों की रौशनी से नहाया हुआ दिखा और भक्ति तथा उल्लास का वातावरण छा गया।

चित्रकूट पहुंचे सीएम मोहन यादव
चित्रकूट पहुंचे सीएम मोहन यादव
चित्रकूट पहुंचे सीएम मोहन यादव