टीकमगढ़ जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान औसतन 1.01 इंच बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश पलेरा तहसील में 85 मिलीमीटर यानी करीब 3.5 इंच हुई। खरगापुर में 45 मिलीमीटर, बल्देवगढ़ में 26 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज भी तेज बारिश की संभावना जताई है।
बारिश के चलते पिछले दो दिनों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और बुधवार को 28.5 डिग्री दर्ज किया गया। रात का तापमान करीब 25 डिग्री रहा। दिन और रात के तापमान में महज 3.5 डिग्री का अंतर रहा। गुरुवार सुबह से टीकमगढ़ में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम में ठंडक घुलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
ये भी पढ़ें-मंडला में भारी बारिश से बिगड़े हालात, नर्मदा का जलस्तर वॉर्निंग लेवल के पार; रपटा-पुल डूबा
भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार 15 जून से अब तक पलेरा में करीब 717 मिलीमीटर यानी 28.5 इंच बारिश हो चुकी है। टीकमगढ़ में 634 मिलीमीटर, खरगापुर में करीब 25.5 इंच, बल्देवगढ़ में 19 इंच, जतारा में 17.5 इंच, मोहनगढ़ में 15.5 इंच और बड़ागांव में 14.5 इंच बारिश दर्ज की गई है। लिधौरा में सबसे कम करीब 152 मिलीमीटर यानी 6 इंच बारिश हुई है। जिले में इस साल अब तक औसत बारिश करीब 19 इंच दर्ज हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि तक औसत बारिश 45.9 इंच थी। यानी पिछले साल की तुलना में करीब 26 इंच कम बारिश हुई है। जिले की सामान्य औसत बारिश करीब 40 इंच मानी जाती है, जबकि पिछले साल करीब 62 इंच बारिश हुई थी।
समय-समय पर हो रही बारिश से खरीफ फसलों की स्थिति फिलहाल अच्छी बनी हुई है। हालांकि कम बारिश के कारण तालाबों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचा है। बान सुजारा बांध भी करीब 46 प्रतिशत ही भरा है। पिछले साल अच्छी बारिश से जिले के अधिकांश तालाब और बांध लबालब हो गए थे, जबकि इस बार कम बारिश के चलते किसानों और ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।