{"_id":"67e21effd85752305309829f","slug":"after-brutally-beating-the-wife-he-tried-to-burn-her-umaria-news-c-1-1-noi1225-2761587-2025-03-25","type":"video","status":"publish","title_hn":"Umaria News: नौरोजाबाद में घरेलू हिंसा, बेरहमी से पिटाई के बाद पत्नी को किया आग के हवाले, 50 प्रतिशत झुलसी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Umaria News: नौरोजाबाद में घरेलू हिंसा, बेरहमी से पिटाई के बाद पत्नी को किया आग के हवाले, 50 प्रतिशत झुलसी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया Published by: उमरिया ब्यूरो Updated Tue, 25 Mar 2025 09:16 AM IST
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जहां सरकारें सख्त कानून बना रही हैं, वहीं जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आती है। ताजा मामला नौरोजाबाद थाना अंतर्गत ग्राम हड़हा का है। यहां घरेलू हिंसा की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के निवासी बिन्नू बैगा ने अपनी ही पत्नी बिसरती बैगा को पहले बेरहमी से पीटा और फिर उसे जलाने की कोशिश की।
घटना बीती रात की है, जब आरोपी पति शराब के नशे में धुत होकर घर आया और किसी बात पर पत्नी से झगड़ने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने पत्नी के साथ जमकर मारपीट की। पीड़िता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी, लेकिन आरोपी का गुस्सा फिर भी शांत नहीं हुआ। उसने खेत में रखी चने की फसल पर घायल पत्नी को डालकर आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से झुलसी महिला अस्पताल में भर्ती
गांववालों के मुताबिक महिला की चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे आग से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से झुलसी महिला को जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला 50 प्रतिशत से अधिक जल चुकी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, पीड़िता के बड़े बेटे रमेश बैगा ने बताया कि उनकी मां की हालत में कोई खास सुधार नहीं है और वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।
गांववालों की चुप्पी भी सवालों के घेरे में
इस घटना में एक गंभीर पहलू यह भी है कि आरोपी पति शाम से ही पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था, लेकिन किसी भी ग्रामीण ने उसे रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। महिला बुरी तरह जल गई, तब जाकर लोग इकट्ठा हुए और उसे अस्पताल भेजा गया। यह समाज की उस मानसिकता को दर्शाता है जहां घरेलू हिंसा को निजी मामला समझकर अनदेखा कर दिया जाता है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी अब भी फरार
घटना की सूचना मिलने के बाद नौरोजाबाद थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। संबंधित अधिकारियों ने पीड़िता का बयान भी दर्ज कर लिया है। महिला ने अपने पति द्वारा किए गए अत्याचारों का खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि बिसरती बैगा काफी समय से अपने शराबी पति की प्रताड़ना सहन कर रही थी, लेकिन समाज और कानून के डर से कभी खुलकर शिकायत नहीं कर पाई।
घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता की जरूरत
यह घटना केवल एक महिला की पीड़ा नहीं है, बल्कि समाज के उस पक्ष को उजागर करती है, जहां घरेलू हिंसा के मामलों को नजरअंदाज किया जाता है। कानून बनने के बावजूद महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को जागरूक करने और पुलिस-प्रशासन को सख्ती से कार्रवाई करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।