विदिशा जिले के करारिया थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय महिला की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शमशाबाद नगर के मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। कुछ समय तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शमशाबाद निवासी 50 वर्षीय संगीता राजपूत की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने महिला का शव नेशनल हाईवे पर बन रहे निर्माणाधीन पुल के पास फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि संगीता राजपूत किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए क्षेत्र में आई हुई थीं। इसी दौरान उनके साथ यह वारदात हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास के क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की जा रही है।
आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम
घटना की खबर फैलते ही मृतका के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शमशाबाद के मुख्य मार्ग पर एकत्रित हो गए। लोगों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि इस घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है, इसलिए पुलिस को जल्द से जल्द दोषियों को पकड़कर सख्त सजा दिलानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने और उन्हें फांसी की सजा दिलाने की मांग भी उठाई। चक्काजाम के कारण कुछ समय तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
ये भी पढ़ें- Dhar News: फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर डाली रेड, फिल्मी स्टाइल में 82 लाख का सोना और नकदी लूटकर फरार
अधिकारियों ने लोगों को समझाया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतका के बेटे पुष्पेंद्र राजपूत ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
एसडीओपी अमरेश वोहरा ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। महिला के शव का पोस्टमार्टम अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में कराया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।