Hindi News
›
Video
›
Punjab
›
Ludhiana News
›
Taxi dispute at Halwara Airport causes increased inconvenience for passengers; entry at the main gate blocked
{"_id":"6a521237cc4552e3a80d7353","slug":"video-taxi-dispute-at-halwara-airport-causes-increased-inconvenience-for-passengers-entry-at-the-main-gate-blocked-2026-07-11","type":"video","status":"publish","title_hn":"हलवारा एयरपोर्ट पर टैक्सी विवाद से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, मुख्य गेट पर एंट्री बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हलवारा एयरपोर्ट पर टैक्सी विवाद से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, मुख्य गेट पर एंट्री बंद
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हलवारा पर टैक्सी चालकों का विवाद शनिवार को उस समय चरम पर पहुंच गया, जब एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों ने सभी टैक्सियों और टैक्सी चालकों की एयरपोर्ट परिसर में एंट्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया। इसके चलते एयरपोर्ट के मुख्य द्वार के बाहर सैकड़ों टैक्सियां कतारों में खड़ी हो गईं और अप्रोच रोड पर जाम जैसी स्थिति बन गई। सबसे अधिक परेशानी एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों को उठानी पड़ी, जिन्हें डिपार्चर और आगमन टर्मिनल से मुख्य द्वार तक लगभग एक किलोमीटर का सफर सामान के साथ पैदल तय करना पड़ा। शनिवार सुबह दिल्ली-हलवारा और हलवारा-दिल्ली उड़ानों के दौरान एयरपोर्ट के बाहर अफरातफरी का माहौल बना रहा। मुख्य द्वार के सामने टैक्सियों की लंबी कतारें लगने से यातायात भी प्रभावित हुआ। यात्रियों को भारी सामान लेकर तेज धूप और उमस के बीच पैदल चलना पड़ा, जिससे उनकी परेशानी कई गुना बढ़ गई। जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब पिछले दिनों लुधियाना इमरजेंसी टैक्सी यूनियन के प्रधान कुणाल शर्मा की एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों के साथ कथित तौर पर तीखी बहस और कहासुनी हो गई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर सभी टैक्सी चालकों की एयरपोर्ट परिसर में एंट्री पर रोक लगा दी। टैक्सी चालक गुरप्रीत सिंह बिल्ला ने बताया कि शुक्रवार को ही लुधियाना और स्थानीय टैक्सी यूनियनों के बीच चल रहे विवाद का समाधान हो गया था। उन्होंने कहा कि ओला, उबर और रैपिड ऑनलाइन टैक्सी सर्विस यूनियन के साथ भी सहमति बनी थी कि हलवारा एयरपोर्ट क्षेत्र में ऑनलाइन बुकिंग एप बंद रखी जाएंगी और किराया आपसी सहमति से तय किया जाएगा। इसके बावजूद शनिवार को अचानक सभी टैक्सियों की एंट्री बंद कर दी गई, जिससे पूरे टैक्सी कारोबार के साथ-साथ यात्रियों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उधर, एयरपोर्ट सुरक्षा दल के इंचार्ज इंस्पेक्टर परमजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय पूरी तरह यात्रियों और एयरपोर्ट की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से स्थानीय और लुधियाना की टैक्सी यूनियनों के बीच यात्रियों को लाने-ले जाने, किराया तय करने और नंबर लगाने को लेकर लगातार विवाद और झगड़े हो रहे थे। ऐसी स्थिति एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती थी, इसलिए सुरक्षा कारणों से टैक्सियों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने कहा कि डिपार्चर और आगमन टर्मिनल पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के साथ पूरा समन्वय बनाए रखा गया है, ताकि यात्रियों और अन्य लोगों को यथासंभव कम से कम असुविधा हो। हालांकि, मुख्य द्वार से टर्मिनल तक लंबी दूरी होने के कारण यात्रियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि शुक्रवार को टैक्सी यूनियनों के बीच समझौता होने के बाद यह उम्मीद जताई जा रही थी कि लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त हो जाएगा, लेकिन शनिवार को सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई के बाद पूरा मामला फिर से उलझ गया। एयरपोर्ट के बाहर तनावपूर्ण माहौल, अप्रोच रोड पर जाम और टैक्सियों की लंबी कतारों ने एयरपोर्ट संचालन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि टैक्सी यूनियनों के विवाद और सुरक्षा व्यवस्था के बीच फंसे यात्रियों को राहत कब मिलेगी। जब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक हलवारा एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को अनावश्यक परेशानी, अतिरिक्त समय और असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।