हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर शनिवार को अलवर शहर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें धर्म और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शोभायात्रा की शुरुआत केंद्रीय वन, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और राजस्थान सरकार के राज्य वन मंत्री संजय शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर एवं झंडी दिखाकर की।
कार्यक्रम का शुभारंभ केडलगंज क्षेत्र से हुआ, जहां से यह शोभायात्रा बीस किलोमीटर दूर अकबरपुर स्थित बगीची वाले हनुमान मंदिर तक निकाली गई। रास्ते में श्रद्धालुओं के लिए जलपान, प्रसाद व खाने-पीने की व्यवस्था विभिन्न समाजसेवी संगठनों द्वारा की गई थी।
शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभी हाथों में भगवा ध्वज लिए “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के जयघोष करते आगे बढ़ते नजर आए। शोभायात्रा में बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई भगवान राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान व अन्य देवी-देवताओं की जीवंत झांकियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें धार्मिक श्रद्धा के साथ-साथ सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला।
पढ़ें: घनी आबादी में शराब की दुकान खोलने पर महिलाओं का विरोध, सैल्समैन को भगाया; सड़क पर फेंके कार्टन
कार्यक्रम संयोजक राजकुमार गोयल ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन की परंपरा पिछले 15 वर्षों से निरंतर जारी है और हर वर्ष इसमें श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में सांस्कृतिक एकता और समर्पण का संदेश भी देता है। पूरे दिन चलने वाले इस भव्य आयोजन ने अलवर शहर को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।