जिले के बानसूर क्षेत्र में मंगलवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कल्याणनगर (लाडपुर) गांव में एक युवक अपनी मांग को लेकर हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ गया। युवक का आरोप है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाया जा रहा रोड उसकी निजी जमीन से होकर गुजर रहा है, जिसका वह विरोध कर रहा है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल्याणनगर से मुकुंदपुरा तक सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। युवक का दावा है कि इस सड़क का हिस्सा उसकी खातेदारी जमीन से निकाला जा रहा है। बार-बार विरोध करने के बावजूद जब उसकी सुनवाई नहीं हुई, तो उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए बिजली के पोल पर चढ़ने का फैसला किया। युवक के पोल पर चढ़ते ही ग्रामीणों की सांसें अटक गईं।
मौके पर जुटी भारी भीड़
युवक को पोल पर चढ़ा देख मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। तुरंत इसकी सूचना बानसूर थाना पुलिस और प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और बिजली विभाग से संपर्क कर लाइन कटवाई गई ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।
ये भी पढ़ें:
अतिक्रमण हटाने के खिलाफ पानी की टंकी पर चढ़े दो युवक, मौके पर पुलिस मौजूद
पुलिस और प्रशासन की समझाइश जारी
बानसूर डीएसपी मेघा गोयल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कल्याणनगर में एक युवक के हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। युवक PWD विभाग द्वारा बनाए जा रहे रोड को लेकर अपनी जमीन का विवाद बता रहा है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा युवक से नीचे उतरने के लिए लगातार समझाइश की जा रही है। फिलहाल, मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और अधिकारी युवक को सुरक्षित नीचे उतारने और उसकी समस्या का उचित समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।