रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोविंदगढ़ मोड़ के पास बुधवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 68 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान मेघवाल मोहल्ला, रामगढ़ निवासी रतनलाल पुत्र लल्लूराम मेघवाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रतनलाल शाम के समय अपने खेत की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे गोविंदगढ़ मार्ग पर पहुंचे, तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रतनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही अचेत हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल रतनलाल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें: उदयपुर बाईपास पर ट्रक ड्राइवरों ने लुटेरों की कर दी धुनाई, वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर वायरल
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 68 वर्ष थी। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव सौंप दिया गया। हेड कॉन्स्टेबल प्रीतम सिंह ने बताया कि बाइक चालक लापरवाही और अत्यधिक गति से वाहन चला रहा था। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।