नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अलवर स्थित अपने जनसुनवाई कार्यालय में एक बार फिर सरकार और प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने जिले के उच्च प्रशासनिक अधिकारियों जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और उपखंड अधिकारियों पर सीधे तौर पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये अधिकारी जनहित के कार्यों को लेकर न केवल उदासीन हैं, बल्कि पूरी तरह से निष्क्रिय हो चुके हैं।
‘जनता की समस्याएं लगातार अनसुनी की जा रही हैं’
टीकाराम जूली ने जनसुनवाई के दौरान कहा कि कई ऐसे मामले हैं, जो समय रहते हल हो सकते थे, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के चलते वे बार-बार सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब और आमजन की समस्याओं को प्रशासन गंभीरता से नहीं ले रहा, जिससे यह संदेश जा रहा है कि अधिकारी केवल रस्म अदायगी के लिए ही बैठते हैं, उन्हें जनता से कोई सरोकार नहीं।
यह भी पढ़ें- Sirohi News: सिरोही में गौचर भूमि पर अवैध खनन का मामला गरमाया, SIT जांच की मांग, CM भजनलाल के नाम सौंपा ज्ञापन
पुलिस तंत्र पर भी साधा निशाना
जूली ने कुछ पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर कहा कि कई अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं और कार्य न करने के बहाने तलाशते हैं। इससे न केवल आमजन को नुकसान हो रहा है, बल्कि जो अधिकारी ईमानदारी से काम करना चाहते हैं, वे भी इस सिस्टम की चपेट में आ जाते हैं।
भाजपा नेताओं पर सरकार को ‘ठेंगा’ दिखाने का आरोप
भाजपा को भी आड़े हाथों लेते हुए जूली ने कहा कि भाजपा के नेता सरकारी व्यवस्थाओं को धता बताते हुए भू-माफियाओं को खुला संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अलवर में कुछ भू-माफिया ऐसे हैं जिन्हें राज्य और केंद्र सरकार में बैठे भाजपा के बड़े नेताओं का सीधा संरक्षण प्राप्त है।
‘किरोड़ी लाल मीणा ने सरकारी प्रणाली को किया दरकिनार’
टीकाराम जूली ने राज्य के वरिष्ठ भाजपा नेता किरोड़ी लाल मीणा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने भी कई मामलों में सरकारी प्रक्रियाओं को दरकिनार कर मनमानी कार्रवाई की, जिससे अराजकता की स्थिति बनी है।
पेयजल संकट को लेकर सरकार पर किया हमला
अलवर में जारी जल संकट पर चिंता जताते हुए जूली ने कहा कि सरकार सिर्फ खोखले वादे कर रही है, जबकि धरातल पर कोई ठोस प्रयास नहीं हो रहे हैं। उन्होंने पेयजल मंत्री संजय शर्मा से जनता से संवाद करने और ईआरसीपी (Eastern Rajasthan Canal Project) जैसी योजनाओं को मूर्तरूप देने की मांग की। जूली ने कहा कि लोग पानी के लिए तड़प रहे हैं और सरकार केवल राजनीतिक भाषणों में व्यस्त है।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: चिरंजीवी योजना पुनः शुरू करने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुलिस से हुई झड़प
भाजपा को बताया ‘भ्रष्टाचार की जननी’
टीकाराम जूली ने भाजपा पर आरजीएचएस (राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम) घोटाले को लेकर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा खुद भ्रष्टाचार में डूबी है और दूसरों पर आरोप मढ़कर खुद को पाक-साफ दिखाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने RGHS योजना में केवल जेनेरिक दवाओं को मान्यता दी है, जबकि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों में ब्रांडेड दवाएं ही असरकारक होती हैं।
अगला चुनाव कांग्रेस के पक्ष में आने की जताई उम्मीद
टीकाराम जूली ने अंत में कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त है और कांग्रेस पर भरोसा जता रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का आशीर्वाद आगामी चुनावों में कांग्रेस को मिलेगा क्योंकि वह ही जनहित में काम करने वाली सच्ची पार्टी है।