जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार अलवर का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर गैंगस्टर, गौ तस्कर और साइबर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और अपराध पर प्रभावी रोकथाम की जाएगी।
गौतस्करी और साइबर क्राइम सबसे बड़ी चुनौती
आईजी ने स्पष्ट कहा कि अलवर और भरतपुर जिलों में सबसे बड़ी समस्या गौ तस्करी और साइबर क्राइम की है। खासकर मेवात क्षेत्र में यह अपराध तेजी से फैल रहा है। उन्होंने कहा कि मेवात के अधिकतर युवा इन अपराधों में लिप्त हैं और यहां गौ तस्करी तथा साइबर अपराध एक तरह से फैशन बन चुके हैं।
हरियाणा बॉर्डर बना अपराध का रास्ता
आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि राजस्थान के अलग-अलग जिलों से गायों को लाकर अलवर और भरतपुर जिलों के रास्ते हरियाणा भेजा जाता है। दोनों जिले हरियाणा सीमा से सटे होने के कारण यह क्षेत्र गौ तस्करों का मुख्य अड्डा बन गया है। तस्कर प्रदेश भर से गायों को यहां इकट्ठा करते हैं और फिर सीमा पार भेजते हैं।
यह भी पढ़ें- Sriganganagar News: 95 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को ACB ने पकड़ा, बीमा क्लेम पास कराने के नाम पर मांगी थी घूस
संगठित अपराधों पर भी होगी कार्रवाई
आईजी ने कहा कि चाहे गैंगस्टर, गौ तस्कर या कोर्ट का भगोड़ा अपराधी हो, अब कोई भी पुलिस की पकड़ से बाहर नहीं रहेगा। उन्होंने साफ किया कि गौ तस्करी और साइबर क्राइम भी संगठित अपराध की श्रेणी में आते हैं, इसलिए इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।
साइबर संग्राम अभियान को मिली सफलता
आईजी ने बताया कि अलवर एसपी सुधीर चौधरी के नेतृत्व में चलाया गया साइबर संग्राम अभियान काफी सफल रहा है। इस अभियान की वजह से साइबर अपराध के मामलों में कमी आई है और पुलिस को बड़ी उपलब्धि मिली है।
यह भी पढ़ें- Jaisalmer News: पत्नी से झगड़े के बाद तेजाब पीने लगा युवक, कांस्टेबल ने रोका तो झुलसे दोनों हाथ; जानें
खैरथल दौरे पर भी बनाएंगे रणनीति
अलवर दौरे के बाद आईजी राहुल प्रकाश खैरथल भी जाएंगे। यहां वे अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तैयार करेंगे, ताकि जिले में अपराध नियंत्रण को और सख्ती से लागू किया जा सके।