अलवर जिले में बहाला टोल टैक्स के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा बहाला टोल से करीब 500 मीटर पहले हुआ, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार बूटियाना बड़ोदामेव निवासी महेंद्र पाल (52) अलवर शहर से बाइक पर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बहाला टोल के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महेंद्र पाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें: स्पा सेंटर पर पुलिस रेड, आरोपियों ने दी धमकी-“कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे”
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर भीड़ जुटने के बावजूद कोई भी वाहन का नंबर नोट नहीं कर सका। बताया जा रहा है कि महेंद्र पाल बड़ी गाड़ी चलाने का काम करते थे और परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो बच्चे हैं, जो फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।