अलवर शहर में लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले पति-पत्नी को एनईबी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी दंपति ने मिलकर करीब आठ लाख रुपये से अधिक की ठगी को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां पति विष्णु को रिमांड पर भेजा गया जबकि पत्नी आरती को जेल भेज दिया गया है।
ठगी के पैसे से खरीदे घरेलू सामान भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। इनमें फ्रिज, एसी, वॉशिंग मशीन, पंखे, स्कूटी, मिक्सी सहित अन्य सामान शामिल है। इस गिरोह का नेटवर्क अलवर के अलावा भरतपुर और अन्य जिलों में भी फैला हुआ है।
यह भी पढ़ें- Barmer: खेजड़ी पेड़ों को काटकर जमीन में दबाया, JCB से निकलवाए; विधायक भाटी बोले- ट्रक भरकर प्रशासन को सौंपेंगे
ऐसे हुआ पूरे मामले का खुलासा
एनईबी थाना प्रभारी दिनेश चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन जुलाई को एक पीड़ित व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में पीड़ित ने बताया कि एक युवक विष्णु ने लोन दिलाने का झांसा देकर उससे लाखों की ठगी की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि विष्णु अपनी पत्नी आरती के साथ मिलकर इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहा था। दोनों ने न सिर्फ अलवर में, बल्कि भरतपुर समेत अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की ठगी की वारदातें की हैं।
कई जगहों पर दर्ज हैं ठगी के मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी दंपति भरतपुर के कुम्हेर कस्बे के निवासी हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने अब तक और किन-किन लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। थाना प्रभारी दिनेश चंद ने बताया कि आरोपी विष्णु से पूछताछ जारी है और उससे ठगी की पूरी श्रृंखला के बारे में जानकारी ली जा रही है। इस दौरान ठगी के पैसों से खरीदा गया सारा सामान जब्त कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें- Sirohi News: भारजा गांव में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी, तीन श्रमिकों की दर्दनाक मौत; पांच गंभीर घायल
न्यायालय में पेशी के बाद पति को रिमांड, पत्नी को जेल
एनईबी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने विष्णु को रिमांड पर भेज दिया, जिससे अब और पूछताछ की जा रही है। वहीं, आरोपी महिला आरती को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। थाने के एएसआई अजय कुमार इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़ी और भी परतें खुल सकती हैं।