जिले के शाहाबाद क्षेत्र में खेत पर चारा काटने जा रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर बदमाश ने पीछे से पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके पैरों में पहने करीब आधा किलो चांदी के कड़े तथा गले में पहना सोने का ताबीज लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शाहाबाद थाना क्षेत्र के हरियानगर गांव के पास कुनू नदी के पुराने पुल के निकट गाजन गांव निवासी 70 वर्षीय पुनिया बाई पत्नी मानाराम यादव रोज की तरह पशुओं के लिए हरा चारा काटने खेत पर जा रही थीं। इसी दौरान नदी किनारे करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति बैठा दिखाई दिया। महिला द्वारा पूछने पर उसने खुद को मछली पकड़ने आया हुआ बताया। इसके बाद महिला आगे बढ़ गई।
कुछ ही दूरी चलने के बाद आरोपी ने पीछे से महिला के सिर पर नुकीले पत्थर से चार-पांच वार कर दिए। इसके बाद उसने महिला का मुंह और गला दबा दिया ताकि वह शोर नहीं मचा सके। महिला के अचेत होने पर आरोपी उसके पैरों से करीब आधा किलो चांदी के कड़े और गले से सोने का ताबीज निकालकर मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद होश आने पर खून से लथपथ महिला किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंची। वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर पांच टांके लगाए और उपचार शुरू किया।
ये भी पढ़ें: Rajsamand: श्रीनाथजी मंदिर में सम्पन्न हुआ आषाढ़ी तौल, अच्छी पैदावार और सामान्य से अधिक वर्षा का अनुमान
घटना की सूचना मिलते ही शाहाबाद डीएसपी आशीष भार्गव अस्पताल पहुंचे और घायल महिला से घटना की जानकारी ली। शाहाबाद थाना पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर लूट और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को आरोपी का हुलिया भी बताया है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।