अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विधायक महंत प्रतापपुरी द्वारा योग करते हुए साझा की गई एक फोटो पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद पोकरण कस्बे में रविवार रात को तनाव का माहौल बन गया। इस मामले में एक युवक को हिरासत में लेने के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्साई भीड़ ने पोकरण थाने के बाहर पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे पूरे कस्बे में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है और अब सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो के माध्यम से अन्य पत्थरबाजों की पहचान की जा रही है।
ये भी पढ़ें-
गहलोत और शेखावत के गढ़ में किरोड़ी के बैनर की चर्चा, जानें किस बात का आभार जता रहे लोग
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सुधीर चौधरी देर रात पोकरण थाने पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली। एसपी के साथ एडिशनल एसपी और डिप्टी भी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। इन बदमाशों पर लगातार नजर रखी जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और वीडियो साक्ष्य जुटाने का काम जारी है, ताकि सभी दोषियों को चिन्हित किया जा सके। फिलहाल पोकरण कस्बे में शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस अलर्ट मोड में है। प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।