जालोर जिले के जसवंतपुरा कस्बे में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जसवंतपुरा पुलिस थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर सुंधा माता सड़क मार्ग पर दिनदहाड़े एक भालू आबादी क्षेत्र में घूमता नजर आया। व्यस्त सड़क पर भालू के अचानक दिखाई देने से लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई।
वाहन चालकों को करना पड़ा परेशानी का सामना
भालू के सड़क पर विचरण करने की सूचना मिलते ही विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर भय का माहौल बन गया और लोग सहमे नजर आए। इस दौरान कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से भालू का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें भालू सड़क किनारे घूमता हुआ स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
वन विभाग की टीम ने पकड़ा
सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आया। जसवंतपुरा वन अधिकारी के.के. परमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पूरण नाका इंचार्ज प्रभुराम जाट द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। वन विभाग की टीम ने लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भालू को सुरक्षित रूप से काबू में लेकर पिंजरे में बंद किया और उसे जसवंतपुरा वन कार्यालय लाया गया। वन विभाग के अनुसार भालू का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है तथा डॉक्टरों की टीम उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है।
ये भी पढ़ें:
सीकर में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का दिखा मजाकिया अंदाज, बोलीं- अब उम्र का असर दिख रहा
पहले भी दिखाई दे चुके हैं भालू
बताया जा रहा है कि जसवंतपुरा क्षेत्र पहाड़ी इलाकों से सटा हुआ है, जिसके कारण पूर्व में भी कई बार भालू आबादी क्षेत्र में दिखाई दे चुके हैं। इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।