जालोर जिले के नई मोरसीम गांव में शादी समारोह के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। डांस करते समय अचानक बेहोश होकर गिरी विवाहिता की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी लुम्भाराम पुत्र जवाराम पुरोहित के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। बेटी ममता की शादी मंगलवार को और बेटे का विवाह एक मई को प्रस्तावित था। घर में रिश्तेदारों और मेहमानों का आना-जाना लगा हुआ था और माहौल पूरी तरह उत्सवपूर्ण था।
कार्यक्रम के दौरान डांस कर रही थी विवाहिता
इसी बीच, वाटेरा निवासी दीपिका अपने मायके आई हुई थी। वह अपनी शादी के बाद पहली बार इस पारिवारिक समारोह में शामिल हुई थी। सोमवार रात बंदोली कार्यक्रम के दौरान गीत-संगीत और नृत्य चल रहा था, जिसमें दीपिका भी उत्साह के साथ डांस कर रही थी।
मौके पर बेहोश होकर गिरी
इसी दौरान अचानक उसे चक्कर आया और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजन तुरंत उसे मोरसीम के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें-
रणथंभौर में फिर दर्दनाक घटना: टेरिटोरियल फाइट में युवा टाइगर टी-2402 की मौत, जांच में जुटा वन विभाग
अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम
बागोड़ा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दीपिका ने दम तोड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। ग्रामीणों के अनुसार, दीपिका पूरी तरह स्वस्थ नजर आ रही थी और कार्यक्रम में खुशी-खुशी शामिल थी। उसकी अचानक मौत से परिवार और गांव में गहरा शोक व्याप्त है।