झुंझुनूं शहर में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब 6 से 7 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने मलसीसर रोड स्थित पिपली चौक क्षेत्र में एक मकान में धावा बोलकर पूरे परिवार को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। वार्ड नंबर 59 में अकबर अली शेरवानी के घर हुई इस दुस्साहसिक वारदात में बदमाश लाखों रुपये मूल्य के करीब 60 तोला सोना-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
कट्टे की नोक पर परिवार को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। घर में प्रवेश करते ही उन्होंने एक युवक की कनपटी पर देशी कट्टा तान दिया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने घर में मौजूद महिलाओं, पुरुषों और यहां तक कि 10 वर्षीय मासूम बच्चे के भी हाथ बांध दिए, ताकि कोई उनका विरोध न कर सके।
आराम से खंगाला पूरा घर
परिवार के सदस्यों को एक जगह बैठाकर बदमाश पूरे घर की तलाशी लेते रहे। पीड़ित अकबर अली शेरवानी के अनुसार आरोपियों ने अलमारी, संदूक और अन्य स्थानों को खंगाल डाला तथा करीब 60 तोला सोना-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान समेट लिया।
गोली मारने की धमकी देकर की लूटपाट
वारदात के दौरान बदमाश लगातार परिवार को धमकाते रहे कि यदि किसी ने आवाज उठाई या भागने की कोशिश की तो उसे गोली मार दी जाएगी। लूटपाट के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर बदमाशों के आने-जाने के संभावित रास्तों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
यह भी पढ़ें:
अयोध्या राम मंदिर में दान की चांदी पर विवाद, दानदाताओं ने मांगा पूरा रिकॉर्ड
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
शहर के बीचोंबीच हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आधी रात को हथियारों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर अंजाम दी गई इस डकैती से क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।