जोधपुर रेंज आईजी विकास कुमार के नेतृत्व में गठित साइक्लोनर टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार के इनामी तस्कर भजनलाल बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी ऑपरेशन ‘रेड प्रेयरी’ के तहत की गई, जिसे चार महीने पहले शुरू किया गया था। यह साइक्लोनर टीम की 98वीं सफलता है।
गिरफ्तार किया गया आरोपी भजनलाल, नारायण राम बिश्नोई का पुत्र है और बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र के बाछला गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, भजनलाल लंबे समय से एनडीपीएस एक्ट के तहत फरार चल रहा था और मध्यप्रदेश से राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। वह साल में केवल 100 दिन काम करता था लेकिन इस दौरान एक से दो करोड़ रुपये की कमाई कर लेता था।
पुलिस की पकड़ से बचने के लिए अपनाया अनोखा तरीका
भजनलाल बेहद शातिर तरीके से काम करता था। वह कभी भी एक रात से ज्यादा एक जगह नहीं रुकता था, सीमित समय तक ही मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था और हर बार तस्करी में अलग वाहन का इस्तेमाल करता था। इतना ही नहीं, हर वाहन का इंजन और चेसिस नंबर भी मिटा देता था ताकि पकड़े जाने पर पुलिस मालिक तक न पहुंच सके।
पढ़ें: मंशापूर्ण हनुमान जी ने धारण की 1111 मीटर लंबी पाग, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
नाथद्वारा के होटल से दबोचा गया
चार महीने की लगातार निगरानी और इनपुट्स के आधार पर साइक्लोनर टीम ने भजनलाल को नाथद्वारा स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया। वहीं, मौके से पुलिस ने एक और इनामी अपराधी रुपाराम को भी हिरासत में लिया है, जो तीन राज्यों की पुलिस को वांछित था। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ जारी है।
आईजी विकास कुमार की सर्जनात्मक पहल रंग लाई
आईजी विकास कुमार द्वारा बनाई गई साइक्लोनर टीम की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि संगठित तस्करी रैकेट के खिलाफ ऑपरेशन ‘रेड प्रेयरी’ लगातार कामयाब साबित हो रहा है।