1962 के भारत-चीन युद्ध में लद्दाख के रेजांग ला दर्रे पर अदम्य साहस का परिचय देने वाले परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह भाटी की वीरता की कहानी अब बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी। उनके जीवन और बलिदान पर आधारित फिल्म ‘120 बहादुर’ 21 नवंबर को रिलीज होगी। इस फिल्म के प्रमुख कलाकार फरहान अख्तर और राशि खन्ना बुधवार को जोधपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मेजर शैतान सिंह को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
रेजांग ला की लड़ाई- वीरता की अमर गाथा
जोधपुर जिले के बांसू गांव में जन्मे मेजर शैतान सिंह भारतीय सेना की कुमायूं रेजीमेंट की ‘सी’ कंपनी का नेतृत्व कर रहे थे। 18 नवंबर 1962 को रेजांग ला की ऊंचाई पर तैनात भारतीय सैनिकों पर चीन की सेना ने जबरदस्त हमला किया। संख्या में कई गुना अधिक होने के बावजूद मेजर शैतान सिंह ने अपनी टुकड़ी का मनोबल बनाए रखा और दुश्मनों को भारी नुकसान पहुंचाया। भीषण ठंड और सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने अंतिम सांस तक मोर्चा संभाले रखा। उनके नेतृत्व में भारतीय जवानों ने सैकड़ों चीनी सैनिकों को ढेर कर दिया। मेजर शैतान सिंह वीरगति को प्राप्त हुए, लेकिन उनका साहस आज भी देश की सैन्य परंपरा में अमर है। उनके इस अद्वितीय बलिदान के लिए उन्हें परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।
फिल्म ‘120 बहादुर’ से जीवंत होगी शौर्यगाथा
फिल्म ‘120 बहादुर’ मेजर शैतान सिंह और उनकी टुकड़ी की वीरता पर आधारित है। यह फिल्म न केवल युद्ध के ऐतिहासिक पलों को दिखाएगी, बल्कि सैनिकों की त्याग, समर्पण और देशप्रेम की भावना को भी उजागर करेगी। फिल्म के अभिनेता फरहान अख्तर और अभिनेत्री राशि खन्ना जोधपुर पहुंचकर मेजर शैतान सिंह के परिवार से मिले। उसके बाद कागा स्थित श्मशान स्थल पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Anta By-election 2025: बारां के मांगरोल में CM भजनलाल शर्मा ने किया रोड शो, वसुंधरा राजे भी रहीं मौजूद
कलाकारों ने जताया गर्व और सम्मान
फरहान अख्तर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक भावना है। इसे बनाना मेरे लिए सम्मान की बात है। परिवार ने हम पर भरोसा किया, इसके लिए मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं। वहीं अभिनेत्री राशि खन्ना ने कहा कि देशभक्ति फिल्म करते वक्त जो एहसास होता है, वह शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। मुझे इस भूमिका का हिस्सा बनकर गर्व महसूस हो रहा है।
परिवार ने फिल्म को बताया गौरव का क्षण
मेजर शैतान सिंह के परिवारजनों ने कहा कि यह फिल्म न केवल उनके वीरता की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाएगी, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और कर्तव्य की भावना को भी जीवित रखेगी। उन्होंने फिल्म निर्माताओं और कलाकारों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Crime: एटीएस के शिकंजे में आया मौलवी, तहरीक-ए-तालिबान के साथ चार साल से जुड़े थे तार