जिले में कार साइड करने के विवाद में बदमाशों ने मैकेनिक की चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। वहीं बीच-बचाव करने आए वर्कशॉप के मालिक पर भी बदमाशों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ये पूरी वारदात शहर के महावीर नगर थाना इलाके के अहिंसा सर्कल की बताई जा रही है। वारदात के बाद पुलिस ने शहर में नाकाबंदी करवाई लेकिन बदमाश फिलहाल पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।
हजीरा बस्ती निवासी इश्तियाक अहमद ने बताया कि अहिंसा सर्कल पर उसकी वर्कशॉप है और वहीं चाय की थड़ियां भी हैं, जहां पर काफी संख्या में लोग आते हैं। देर रात को वर्कशॉप बंद करने के दौरान मैकेनिक सुरेन्द्र यादव ने कार निकालने के लिए पीछे खड़े स्कूटर को हटाया, तभी एक कार वहां आकर रुक गई जिसमें 5 लोग बैठे हुए थे। इसके बाद कार हटाने को लेकर विवाद हो गया और कार सवार लोग झगड़ा करने पर उतारू हो गए।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: जेल प्रहरी को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तीन गिरफ्तार, पुडुचेरी से पकड़कर लाई पुलिस
इसके पहले कि वर्कशॉप मालिक कुछ समझ पाता बदमाशों ने सुरेन्द्र पर चाकू से हमला कर उसको घायल कर दिया। वहीं बीच-बचाव के दौरान बदमाशों ने इश्तियाक पर भी हमला कर दिया। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। वहीं दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि सूचना पर महावीर नगर और आर के पुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इस पूरी वारदात के दौरान पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। सामने आया है कि मृतक सुरेन्द्र पिछले 4 सालों से वर्कशॉप पर मैकेनिक के तौर पर काम कर रहा था।
ये भी पढ़ें: Udaipur News: शिकार की तलाश में आया तेंदुआ झाड़ियों में फंसा, वन विभाग ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला
घटनाक्रम के बाद मृतक के परिजनों ने शव लेने से इंकार करते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल के गेट पर धरना दे दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों के साथ धरने पर कांग्रेस के पदाधिकारी भी पहुंचे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। परिजनों का कहना है कि शहर में आए दिन इस तरह की वारदातें में सामने आ रही हैं। पुलिस की नाक के नीचे ही अपराध हो रहे हैं लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।