कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में अवैध और असुरक्षित तरीके से संचालित कबाड़ गोदामों के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की। पुलिस, प्रशासन, नगर परिषद और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश देकर कुल 9 कबाड़ गोदामों को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कई कबाड़ गोदाम बिना अनुमति के संचालित हो रहे हैं और वहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। विशेष रूप से अग्निशमन व्यवस्था के अभाव के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए संयुक्त टीम का गठन कर अचानक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई कबाड़ कारोबारी अपने गोदामों पर ताले लगाकर मौके से फरार हो गए। टीम जब विभिन्न स्थानों पर पहुंची तो कई गोदाम बंद मिले। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि ये गोदाम नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे थे, जिसके चलते उन्हें सील कर दिया गया।
पढ़ें: डेढ़ घंटे कार में कैद रहा मासूम, भीषण गर्मी से थम गई सांस; घर में चल रही थी गृह प्रवेश की तैयारी
कुछ स्थानों पर बड़ी मात्रा में कबाड़ सामग्री अव्यवस्थित तरीके से रखी मिली, जिससे आग लगने की स्थिति में नुकसान बढ़ने की आशंका थी। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश गोदामों में न तो अग्निशमन उपकरण उपलब्ध थे और न ही सुरक्षा के अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए थे। इसके अलावा कई गोदाम आवासीय क्षेत्रों के पास संचालित हो रहे थे, जिससे आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी खतरा बना हुआ था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति और नियमों के विपरीत संचालित होने वाले कबाड़ गोदामों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही, शहर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन के कदम का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और संभावित हादसों पर रोक लगेगी।