{"_id":"69b2e39a6b9ae78522034fbe","slug":"gang-war-between-gravel-mafia-assault-incident-captured-on-cctv-nagaur-news-c-1-1-noi1346-4043205-2026-03-12","type":"video","status":"publish","title_hn":"Nagaur News: बजरी माफिया का गैंगवार, मेड़ता सिटी में दो गुट भिड़े; गाड़ियों में तोड़फोड़, CCTV वीडियो वायरल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Nagaur News: बजरी माफिया का गैंगवार, मेड़ता सिटी में दो गुट भिड़े; गाड़ियों में तोड़फोड़, CCTV वीडियो वायरल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नागौर Published by: नागौर ब्यूरो Updated Thu, 12 Mar 2026 09:53 PM IST
नागौर जिले के मेड़ता सिटी में अवैध बजरी खनन और परिवहन के वर्चस्व को लेकर माफियाओं के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। जोधपुर रोड इलाके में 9 मार्च की रात दो गुट आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घटना के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल से बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वर्चस्व को लेकर भिड़े दो गुट
जानकारी के अनुसार मेड़ता सिटी के जोधपुर रोड क्षेत्र में देर रात बजरी खनन से जुड़े दो गुटों के बीच इलाके में दबदबा कायम करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करने लगे। इस दौरान मौके पर खड़ी कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पता चला कि करीब आधा दर्जन से अधिक बदमाश मौके पर मौजूद थे। वायरल वीडियो में कुछ बदमाश एक केम्पर गाड़ी लेकर मौके से भागने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। इसी दौरान तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराई और फिर पास की दीवार से जा भिड़ी।
वाहनों को भी हुआ नुकसान
घटनास्थल पर खड़ी अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। एक-दो वाहनों के शीशे टूटे हुए पाए गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिस पर मेड़ता सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट
इस मामले में पीड़ित युवक विवेक ने मेड़ता सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और झड़प के दौरान उसकी सोने की चेन भी तोड़ ली।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
नागौर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो गए थे। वायरल सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस अनिल चौधरी और अरविंद कमेड़िया सहित तीन मुख्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि नागौर जिले के रियां बड़ी और आसपास के इलाकों में अवैध बजरी खनन को लेकर माफिया सक्रिय रहते हैं। क्षेत्र में पहले भी बजरी के कारोबार को लेकर कई बार आपसी टकराव और हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।