नागौर जिले के झोरड़ा गांव में जमीन-जायदाद के विवाद को लेकर एक परिवार पर कथित रूप से बेहद गंभीर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमले के दौरान मारपीट, जानलेवा हमला, महिला के साथ अभद्रता और बाद में पुलिस की अनदेखी जैसी घटनाएं हुईं।
पीड़ित बहू चंचल कंवर ने बताया कि 12 मई 2026 को वह अपने पति राजेंद्र सिंह और बड़े ससुर सांवलदान सिंह के साथ अपने खरीदे हुए प्लॉट पर बैठी थीं। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के कई लोग लाठी, सरिया और धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचे और हमला कर दिया।
चंचल कंवर के अनुसार आरोपियों ने पहले उनके पति राजेंद्र सिंह के साथ मारपीट की और बुजुर्ग सांवलदान सिंह को धक्का देकर प्लॉट से बाहर निकाल दिया। जब उन्होंने पति को बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके कपड़े फाड़े गए और ओढ़नी खींचकर उनकी लज्जा भंग की गई। बाद में आरोपी पक्ष की महिलाओं ने भी उनके साथ मारपीट की। परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपियों में से एक ने ट्रैक्टर से टक्कर मारकर उन्हें कुचलने की कोशिश भी की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पूरी घटना गांव की धर्मशाला और आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
पढ़ें: पत्नी संग अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने निहारा आमेर महल का शाही वैभव, घूमर-कालबेलिया ने मोहा मन
पीड़ित राजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कार्रवाई के बजाय पुलिस ने उन्हें ही प्लॉट से हटाया। उनका आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद चार दिन तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। चंचल कंवर ने आरोप लगाया कि उन्हें गंभीर चोटें आने के बावजूद मेडिकल और रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कई दिन तक भटकना पड़ा। उन्होंने कहा कि उन्हें रातभर थाने में बैठाए रखा गया, लेकिन आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं की गई।
परिवार का यह भी आरोप है कि बाद में पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और समझौते का दबाव बनाया। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी रसूखदार हैं और लगातार उन्हें व गवाहों को धमकियां मिल रही हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
वहीं, मामले में नागौर के आईपीएस अधिकारी जितिन कुमार ने बताया कि श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के झोरड़ा गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों को पाबंद किया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच किसी अन्य अधिकारी से करवाने, आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।