सिरोही जिले में घरेलू एलपीजी सिलिंडरों की कमी को लेकर फैल रही खबरों के बीच जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में घरेलू सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि सिलिंडरों की लगातार सप्लाई हो रही है और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। जिला प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन बुकिंग कराकर गैस सिलिंडर प्राप्त करें।
सामान्य रूप से जारी है सिलिंडरों की डिलीवरी
जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी के अनुसार जिले में घरेलू एलपीजी सिलिंडर की डिलीवरी सामान्य रूप से हो रही है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता नियमित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन बुकिंग कराकर गैस सिलिंडर प्राप्त कर रहे हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों और अन्नपूर्णा रसोई जैसी संस्थाओं को प्राथमिकता की श्रेणी में रखते हुए एलपीजी की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग बेवजह अफवाह फैलाकर आमजन को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि प्रशासन की ओर से सप्लाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सिलिंडर की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं के अनुभव
जिले में गैस सिलिंडर की उपलब्धता को लेकर कई उपभोक्ताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए हैं। देलदर, आबूरोड निवासी लक्ष्मीदेवी ने बताया कि उन्होंने परसों इंडेन का रसोई गैस सिलिंडर बुक करवाया था और अगले दिन एजेंसी से आसानी से प्राप्त कर लिया। उन्होंने कहा कि सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी जाने पर उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
पढ़ें- 'पड़ोसी देशों की तुलना में भारत की स्थिति बेहतर': गैस संकट के बीच केंद्रीय मंत्री शेखावत का बयान; कहा- सब ठीक
इसी तरह निवासी वैशाली ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को सिलिंडर की बुकिंग करवाई थी और गुरुवार को फोन कर उनके गांव में डिलीवरी कर दी गई। उन्होंने बताया कि उन्हें भी सिलिंडर प्राप्त करने में कोई समस्या नहीं आई।
नितोडा निवासी मधुदेवी रावल ने बताया कि उन्होंने पिछले गुरुवार को सिलिंडर बुक करवाया था। बाद में जब सिलिंडर की गाड़ी आई तो उन्हें फोन कर तुरंत लेने के लिए कहा गया और उन्होंने आसानी से सिलिंडर प्राप्त कर लिया।
सिलेंडर कीमतों को लेकर विरोध प्रदर्शन
हालांकि दूसरी ओर रविवार शाम को तरतोली मोड़ पर कांग्रेसियों द्वारा सिलिंडर के दामों में बढ़ोतरी को लेकर रोष जताया गया। इस दौरान उन्होंने कीमतों में वृद्धि के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।