राजस्थान के देवली बस स्टैंड पर नीरज कुमार मीणा और उसके दो दोस्तों सुनील डागर और विनोद कुमार मीणा पर 6-7 हमलावरों ने हॉकी और बेल्ट से हमला कर दिया। हमले में नीरज को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि विनोद और सुनील को भी चोटें लगीं। पीड़ितों के चिल्लाने पर भीड़ जुटने लगी तो हमलावर भाग निकले। घटना 28 फरवरी की रात करीब 10 बजे की है। पीड़ित ने एक मार्च देर शाम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हमलावरों में से एक की पहचान निर्मल मोची के रूप में हुई। देवली बस स्टैंड पर देर रात तक शरारती तत्वों की मौजूदगी से इलाके में असुरक्षा का माहौल है।
पीड़ित नीरज कुमार मीणा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वो अपने दो दोस्तों सुनील डागर और विनोद कुमार मीणा के साथ देवली बस स्टैंड पर सामान लेने गए थे। जैसे ही वे कार से उतरे, पहले से घात लगाए बैठे 6-7 लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों के पास हॉकी और बेल्ट थे। अचानक हुए हमले में नीरज के बाएं हाथ, बाएं पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं। विनोद के दाएं हाथ पर चोट लगी। सुनील को भी चोटें आईं। पीड़ितों के चिल्लाने पर आसपास के लोग जमा होने लगे, तब हमलावर भाग गए।
हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। डर के मारे तीनों युवक तुरंत अपने घर भाग गए। बाद में पता चला कि हमलावरों में से एक कीर मोहल्ला देवली का निर्मल मोची है। पीड़ित ने एक मार्च देर शाम को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
गौरतलब है कि देवली बस स्टैंड पर स्थित चाय की थड़ियों पर कई शरारती तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। देर रात तक इन थड़ियों पर शरारती तत्व बैठे रहते हैं। कई बार पुलिस की गाड़ी देखकर ये शरारती तत्व वहां स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स में जाके छिप जाते हैं। जब पुलिस की गाड़ी वापस जाती है तो कॉम्प्लेक्स में काम करने वाले लोग इन बदमाशों को वापस बाहर निकाल देते हैं।