{"_id":"6afad98e863a564dab0b4009","slug":"video-theog-kotkhai-chitta-main-supplier-arrested-in-haryana-2026-11-16","type":"video","status":"publish","title_hn":"शिमला: ठियोग-कोटखाई में चिट्टे की सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार, 49 ग्राम हेरोइन और 1.02 लाख रुपये बरामद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शिमला: ठियोग-कोटखाई में चिट्टे की सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार, 49 ग्राम हेरोइन और 1.02 लाख रुपये बरामद
Ankesh Dogra
Updated Mon, 16 Nov 2026 03:53 PM IST
Link Copied
जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ठियोग-कोटखाई क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई करने वाले कथित मुख्य सप्लायर को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ठियोग निवासी ओमकार उर्फ ओमी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर में रह रहा था। पुलिस ने उसके ठिकाने से 49 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), 1,02,500 रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद की है। इस मामले में अब तक कुल करीब 72 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है।
पुलिस थाना ठियोग में 13 नवंबर को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इससे पहले 12 नवंबर को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोटखाई तहसील के पपिल भूषण (37) और सुरेश (39) को गिरफ्तार किया था। दोनों के कब्जे से 23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।
दोनों आरोपियों से पूछताछ और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण के दौरान पुलिस को पता चला कि वे ठियोग निवासी ओमकार उर्फ ओमी से चिट्टा खरीदते थे। ओमकार पिंजौर में रहकर फोन के माध्यम से नशे की खेप की आपूर्ति कर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी खेप मंगवाने के बाद उसका भुगतान नकद में करते थे।
इसके बाद पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और सप्लाई के मुख्य स्रोत की पहचान की। एक पुलिस टीम हरियाणा भेजी गई। टीम ने 15 नवंबर को पिंजौर में दबिश देकर ओमकार उर्फ ओमी को गिरफ्तार कर लिया। उसके ठिकाने की तलाशी के दौरान 49 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा, 1,02,500 रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ओमकार के खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में वर्ष 2021 के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी हरियाणा के पिंजौर में रहकर ठियोग और कोटखाई क्षेत्र में नशे की सप्लाई कर रहा था।
शिमला पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक विशेष अभियान के तहत बाहरी राज्यों से 94 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वहीं, वर्ष 2025 में ऐसे आठ और वर्ष 2024 में 15 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया था।
बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर वर्ष 2026 में अब तक 70 अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें ध्वस्त किया गया है। इसके मुकाबले वर्ष 2025 और 2024 में ऐसे चार-चार नेटवर्क पर कार्रवाई की गई थी।
पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान अब केवल स्थानीय स्तर पर नशे की खेप पकड़ने तक सीमित नहीं है। पुलिस सप्लाई चेन की कड़ियों को जोड़कर मुख्य सप्लायरों और उनके नेटवर्क तक पहुंचने पर जोर दे रही है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।