Bihar News: राज्य स्तरीय सेपक टाकरा प्रतियोगिता में पटना प्रमंडल चैंपियन, तीनों वर्गों में कब्जा
Bihar: प्रतियोगिता के परिणामों में अंडर-14 वर्ग में पटना प्रमंडल विजेता रहा, सारण प्रमंडल उपविजेता बना जबकि मुंगेर प्रमंडल तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 वर्ग में भी पटना प्रमंडल ने बाजी मारी, दूसरे स्थान पर मगध प्रमंडल और तीसरे स्थान पर तिरहुत प्रमंडल रहा।
विस्तार
बिहार सरकार के खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालय सेपकटाकरा (बालक) प्रतियोगिता अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में तीन दिवसीय रोमांचक मुकाबलों के बाद सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। यह आयोजन खगड़िया जिला प्रशासन और उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा की देखरेख में आयोजित किया गया, जिसमें मगध, पटना, मुंगेर, सारण और तिरहुत प्रमंडलों के 125 से अधिक खिलाड़ी, प्रशिक्षक तथा टीम प्रभारी ने प्रतिभाग किया।
समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को वरीय उपसमाहर्त्ता एवं उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा प्रवीण कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी चंदन कुमार तथा सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी राहुल कुमार ने ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण से जुड़े 12 तकनीकी पदाधिकारियों को भी प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
पढे़ं: 'भोजपुरी भाषा ही नहीं, एक जातीय संस्कृति की पहचान', संकल्प के साथ भोजपुरी साहित्य सम्मेलन का समापन
प्रतियोगिता के परिणामों में अंडर-14 वर्ग में पटना प्रमंडल विजेता रहा, सारण प्रमंडल उपविजेता बना जबकि मुंगेर प्रमंडल तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 वर्ग में भी पटना प्रमंडल ने बाजी मारी, दूसरे स्थान पर मगध प्रमंडल और तीसरे स्थान पर तिरहुत प्रमंडल रहा। वहीं अंडर-19 वर्ग में विजेता पटना प्रमंडल घोषित हुआ, उपविजेता तिरहुत और तीसरे स्थान पर मगध प्रमंडल रहा।
तीनों वर्गों में दमदार प्रदर्शन करते हुए पटना प्रमंडल ने प्रतियोगिता पर अपना वर्चस्व कायम रखा। चयनित खिलाड़ी आगामी 16 से 22 दिसंबर तक जोधपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। खेल प्रेमियों का कहना है कि यह आयोजन युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का उत्कृष्ट मंच साबित हुआ।