{"_id":"6a5bbcd761e1ac416d0f28e5","slug":"three-returning-home-bicycle-medical-treatment-run-over-unidentified-vehicle-patna-news-c-1-1-noi1474-4517973-2026-07-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Patna News: साइकिल पर घर लौट रहे परिवार को अज्ञात वाहन ने रौंदा, दादी-पोते की हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Patna News: साइकिल पर घर लौट रहे परिवार को अज्ञात वाहन ने रौंदा, दादी-पोते की हालत गंभीर
Sun, 19 Jul 2026 08:32 AM IST
पटना ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: पटना ब्यूरो
Updated Sun, 19 Jul 2026 08:32 AM IST
सार
Bihar News: पटना के बाढ़ अनुमंडल में साइकिल पर सवार एक ही परिवार के तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में मां, बेटा और पांच वर्षीय पोता घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को मोकामा ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां दादी और पोते की हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Amar Ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मरांची थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। साइकिल पर सवार एक ही परिवार के तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में मां, बेटा और पांच वर्षीय पोता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन
मां का इलाज कर घर लौट रहे थे तीनों
मरांची थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि घायल मरांची थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी हैं। मुकेश दास अपनी मां का इलाज कराकर साइकिल से घर लौट रहे थे। साइकिल पर उनकी मां और पांच वर्षीय पुत्र भी सवार था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों और पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही मरांची थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण तीनों को बेहतर इलाज के लिए मोकामा ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल दादी और पांच वर्षीय पोते की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि मुकेश दास का भी इलाज जारी है।
विज्ञापन
घायल की परिजन सुशीला देवी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने कहा कि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि किस वाहन ने टक्कर मारी। डॉक्टरों ने बताया है कि दादी और मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे पूरा परिवार चिंता में है।
'सिर में आई है गंभीर चोट'
मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. राजेंद्र नागर ने बताया कि तीनों घायलों के सिर में अंदरूनी चोट लगी है। उनकी स्थिति को देखते हुए सीटी स्कैन और एक्स-रे के लिए मोकामा ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि पांच वर्षीय बच्चे की हालत सबसे अधिक गंभीर है। उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर एंबुलेंस के जरिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: आज से बदल जाएगी बिहार की सरकारी शिक्षा! 521 मॉडल स्कूलों का शुभारंभ, नालंदा के 20 स्कूल भी होंगे हाईटेक
वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जाएगी, ताकि फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान होते ही उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।