मां ने घोंटा बेटी का गला: UP से गुरुग्राम आया था दंपती, मर्डर के बाद उठाया एक और खौफनाक कदम; तड़पती मिली महिला
दंपती के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पति के बयान दर्ज किए गए हैं, लेकिन कोई ज्यादा झगड़ा होना नहीं बताया जा गया है। महिला निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। महिला के बयान दर्ज होने के बाद ही पता चल सकेगा कि उसने अपनी बेटी की हत्या क्यों की।
विस्तार
गुरुग्राम सेक्टर-9 थाना के अंतर्गत सूर्या विहार के सी-40 मकान में 6 अप्रैल की शाम को एक महिला ने अपनी करीब दो साल की बेटी अनिका का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद महिला नेहा ने खुद के गले भी चाकूनुमा हथियार से वार करके आत्महत्या करने का प्रयास किया। इससे महिला के गले से खून बहने लगा। महिला का पति जब ड्यूटी से वापस किराये के कमरे पर आया तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
पति ने पत्नी के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
मकान मालिक व पड़ोसियों की मौजूदगी में कमरे दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर बेड पर बेटी और फर्श पर मां बेसुध हालत में पड़ी थी। महिला के गले से खून बह रहा था। पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना देने के साथ ही मां-बेटी को पास के अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया था। महिला एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है व उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-9 थाने व सेक्टर-4 चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट व सीन ऑफ क्राइम की टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। सेक्टर 9 थाना पुलिस ने पति आधार शर्मा की शिकायत पर पत्नी नेहा के खिलाफ बेटी की हत्या व अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
सुबह दंपती के बीच हुआ था विवाद
पुलिस की जांच में सामने आया कि मूल रूप से बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के कुम्हार पुरवा गांव निवासी आधार शर्मा अपनी पत्नी नेहा (30) व करीब दो साल की बेटी अनिका के साथ सूर्या विहार के सी-40 मकान में दूसरे फ्लोर पर किराये पर रहता है। दंपती की करीब चार साल पहले शादी हुई थी। आधार शर्मा गुरुग्राम के नाहरपुर रूपा स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि उसकी पत्नी गृहिणी है। वे जनवरी 2025 में गुरुग्राम आए थे। अभी तक पुलिस की जांच में सामने आया है कि 6 अप्रैल की सुबह दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पति अपनी ड्यूटी पर चला गया था।
कॉल रिसीव नहीं करने पर हुआ संदेह
6 अप्रैल की शाम को पति ने अपनी पत्नी को कॉल की थी और बेटी से बात कराने के लिए कहा। लेकिन उसकी पत्नी नेहा ने बेटी अनिका से बात नहीं कराई। इसके पति ने कई बार पत्नी के मोबाइल पर कॉल की, लेकिन कॉल रिसीव न करने पर पति को कुछ संदेह हुआ तो वह कंपनी से घर आ गया। कमरा अंदर से बंद था और आवाज देने के बाद भी कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं होने पर पति आधार शर्मा ने मकान मालिक को जानकारी दी। इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया।
गला दबाने से हुई बच्ची की मौत
पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की मौत गला दबाने से हुई है। बच्ची के शरीर कोई चोट का निशान नहीं थी। मंगलवार को बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दियाग गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्ची के मौत के सही कारणों को पता चल सकेगा। मामले में पुलिस आधार शर्मा से भी पूछताछ कर रही है।
पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी नेहा
पुलिस की जांच में सामने आया कि पहले आधार शर्मा पत्नी के साथ फरीदाबाद में रहता था। वहां पर भी नेहा ने आपसी कहासुनी के बाद आत्महत्या करने का प्रयास किया था। हालांकि उस समय बेटी या पति को कोई नुकसान पहुंचाने का प्रयास नहीं किया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि गुरुग्राम आने के बाद पति-पत्नी के बीच कभी-कभार किसी बात को लेकर कहासुनी हो जाती थी और बाद में दोनों के बीच सामान्य व्यवहार होता था। पति अपनी पत्नी व बेटी को हर सप्ताह घुमाने-फिराने भी ले जाता था।
मां ही खोलेगी हत्या का राज
प्रारंभिक जांच में दंपती के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पति के बयान दर्ज किए गए हैं, लेकिन कोई ज्यादा झगड़ा होना नहीं बताया जा गया है। महिला निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। महिला के बयान दर्ज होने के बाद ही पता चल सकेगा कि उसने अपनी बेटी की हत्या क्यों की। कमरे से सबूत के तौर पर कुछ सामान कब्जे में लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। - हरीश, एएसआई व जांच अधिकारी, सेक्टर-9 थाना, गुरुग्राम।