Delhi Fire: उत्तम नगर में विजय सेल्स शोरूम धू-धू कर जला, लाखों रुपये का सामान जलकर खाक, दमकलकर्मी मौके पर
उत्तम नगर इलाके में एक शोरूम में भीषण आग लग गई। दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक शोरूम में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग की लपटों और काले धुएं के गुबार ने आसमान को ढक लिया। आग लगने से स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नजफगढ़ रोड पर विजय सेल्स की बिल्डिंग में आग लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा शोरूम धू-धूकर जलने लगा। आसमान में काला धुआं छा गया, जिससे आसपास का इलाका पूरी तरह से प्रभावित हुआ। आग लगने से स्थानीय निवासियों में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी फौरन घटनास्थल पर पहुंच गए। दमकलकर्मी को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल, किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। हालांकि, शोरूम में रखे लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक व अन्य सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल फायर अधिकारी राजेंद्र अटवाल ने कहा, "आग कैसे लगी ये जांच का विषय है। हमारे पास ये सूचना 04.15 बजे आई थी। यह इलेक्ट्रॉनिकल सामान का शोरूम है जिसमें आग लगी है। 15 गाड़ियां मौके पर हैं। आग बुझा ली गई है और कूलिंग ऑपरेशन जारी है। अभी तक कोई हताहत की खबर नहीं है।"
अधिकारियों के मुताबिक, आग पर सुबह करीब 6:30 बजे पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा, जो सुबह तक चलता रहा। करीब 350 वर्ग गज क्षेत्र में बने बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन मंजिला भवन में आग लगी थी।
आग से इलेक्ट्रॉनिक सामान, विद्युत उपकरण, फर्नीचर और अन्य सामान जल गए। दमकल विभाग के अधिकारी के मुताबिक घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।