कौन थे जीवा माहाला? ‘राजा शिवाजी’ में सलमान खान ने निभाया किरदार; बहादुरी ऐसी कि बन गई चर्चित कहावत
Who Was Jiva Mahala: छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर कई फिल्में बन चुकी हैं। हाल ही में रितेश देशमुख निर्देशित और अभिनीत फिल्म ‘राजा शिवाजी’ रिलीज हुई। यह फिल्म इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसमें सलमान खान ने जीवा माहाला का किरदार निभाया है। जानिए कौन थे जीवा माहाला?
विस्तार
फिल्म ‘राजा शिवाजी’ सिनेमाघरों में देखते हुए अचानक एक सीन में केसरी पगड़ी और भगवा रंग का परिधान पहने सलमान खान की एंट्री होती है। हॉल में जमकर सीटियां बजती हैं। फिल्म में वह जीवा माहाला का किरदार निभा रहे हैं। यह किरदार कैमियो के तौर पर फिल्म में आता है लेकिन कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। आखिर कौन थे जीवा माहाला? मराठा साम्राज्य में आज भी उनकी वीरता और युद्ध कौशल के गुण गाए जाते हैं, उन पर एक कहावत आज तक चर्चित है। इस खबर में जीवा माहाला के बारे में विस्तार से जानिए-
जीवा माहाला का क्या रहा योगदान?
जीवा माहाला मराठा साम्राज्य के इतिहास की एक चर्चित शख्सियत थे। वह एक महान योद्धा थे। छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रति उनकी निष्ठा अटूट थी। एक बार उन्होंने ही छत्रपति के प्राणों की रक्षा की थी। यह घटना 1659 की है। शिवाजी महाराज प्रतापगढ़ किले की तलहटी में अपने विरोधी अफजल खान से मिले। पहली मुलाकात के दौरान अफजल ने मराठा सम्राट की हत्या करने की कोशिश की। इस वक्त जीवा माहाला ने छत्रपति के प्राणों की रक्षा की। उन्होंने विरोधियों का डटकर मुकाबला किया। इसी वजह से आज भी एक कहावत महाराष्ट्र में चर्चित है, ‘होता जीवा म्हणून वाचला शिवा।’ इसका मतलब है कि जीवा वहां थे इसलिए शिवा जी बच गए।
जीवा की मृत्यु के बाद बनवाया गया स्मारक
जीवा हमेशा ही अपने बहादुरी के लिए चर्चित रहे। साल 1709 में इस योद्धा की मृत्यु हो गई। जीवा की बहादुरी को समर्पित करते हुए एक स्मारक अंबावडे में बनवाया गया। यह स्मारक महाराष्ट्र के पुणे में स्थित है। आज भी मराठी लोग जीवा माहाला की बहादुरी, उनकी निष्ठा को याद करते हैं।
‘राजा शिवाजी’ में नजर आए कई बॉलीवुड एक्टर्स
फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में रितेश देशमुख और सलमान खान के अलावा कई और बॉलीवुड एक्टर्स भी अहम किरदारों में नजर आए हैं। इस फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान, अमोल गुप्ते, विद्या बालन, बोमन ईरानी जैसे कई एक्टर्स शामिल हैं।
