सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Auto got stuck between two trailers.everyone was shocked to see the horror of the accident.

Gorakhpur News: 2 ट्रेलर के बीच दबा ऑटो...हादसे की भयावहता देख सिहर गया हर कोई- उजड़ गईं 2 परिवारों की खुशियां

अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर Published by: गोरखपुर ब्यूरो Updated Mon, 02 Feb 2026 01:20 PM IST
विज्ञापन
सार

प्रत्यक्षदर्शी ज्ञानेंद्र के अनुसार, तेज रफ्तार खाली ट्रेलर के कारण हादसा हुआ, जिसने ऑटो को ट्रेलरों के बीच फंसाया। नियंत्रण खोने और वाहन की गति अधिक होने से दो लोगों की मौत हुई। चश्मदीद बताते हैं कि चालक ने आसपास के वाहनों और संकरी सड़क की स्थिति का सही अंदाज नहीं लगाया। इसके चलते हादसा हो गया।
 

Auto got stuck between two trailers.everyone was shocked to see the horror of the accident.
हादसे के बाद ट्रेलर के बीच फंसा टेंपो और उसमें फंया युवक - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
Follow Us

गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर जंगल कौड़िया जीरो पॉइंट पर रविवार सुबह हादसे की भयावहता देख मौके पर मौजूद हर कोई सिहर गया। दो ट्रेलर के बीच में ऑटो बुरी तरह दब गया था और उसमें फंसे लोग चीख रहे थे। मौके पर जब तक मदद मिलती, दो घायलों की जान चली गई। इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।
Trending Videos


हादसे में ऑटो चालक श्रीकांत प्रसाद और युवती प्रीतम पासवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरसिंह गंभीर रूप से घायल हुआ। हादसे के बाद यातायात कई घंटे बाधित रहा। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। बताया जा रहा है कि सड़क सुरक्षा की अनदेखी के चलते हादसा हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन

चश्मदीदों राजकुमार और अमन ने बताया कि बालू लदे ट्रेलरों के बीच से गुजरते समय तेज रफ्तार खाली ट्रेलर ने ऑटो को टक्कर मारी। ऑटो दोनों ट्रेलरों के बीच फंस गया और दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो चालक श्रीकांत को निकालते समय भी उनकी जान बच नहीं सकी।

वहीं पीछे बैठी प्रीतम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल नरसिंह को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर मौजूद रामसहज ने बताया कि जीरो पॉइंट पर आए दिन इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

बालू लदे ट्रेलर लंबे समय तक खड़े रहते हैं, मजदूर ट्रकों पर चढ़कर बालू बिखेरते हैं। गोल चक्कर के आसपास ठेले और दुकानों का अतिक्रमण भी सड़क को संकरा कर देता है। इस कारण रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही और भी खतरनाक हो जाती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एनएचएआई से जीरो पॉइंट पर सुरक्षा कड़ी करने और अतिक्रमण हटाने की मांग दोहराई है। पुलिस और प्रशासन ने भी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सड़क किनारे किसी भी वाहन के अनावश्यक खड़े होने पर रोक लगाने और सभी अवैध ठेले हटाने के आदेश जारी किए हैं।

एसपी साउथ दिनेश पुरी का कहना है कि अगर वाहन चालकों ने गति पर नियंत्रण रखा होता, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पलट गया क्रेन, लगा जाम
पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो को निकालने के लिए क्रेन और जेसीबी मंगाईं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक क्रेन के पलट जाने से कुछ देर के लिए स्थिति और बिगड़ गई, हालांकि बाद में इसपर काबू पा लिया गया और दोपहर करीब एक बजे यातायात बहाल किया जा सका। पुलिस टीम मौके पर घंटों डटी रही। इधर बचाव कार्य भी जारी रहा।

हादसे में जान गंवाने वाले परिवार का चलाते थे खर्च
दुर्घटना में मारे गए श्रीकांत प्रसाद दो बेटियों और दो बेटों के पिता थे। वह ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार पर आर्थिक और भावनात्मक संकट भारी पड़ा है। वहीं प्रीतम गोरखपुर की एक कंपनी में कार्यरत थीं और घर लौट रही थीं। उनका विवाह अभी नहीं हुआ था।


प्रीतम की बड़ी बहन प्रीति पासवान एक निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं, जबकि उनका छोटा भाई अंश नाबालिग है। पिता खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। प्रीतम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार रविवार देर शाम कर दिया गया।

तेज रफ्तार के चलते हुए हादसा
प्रत्यक्षदर्शी ज्ञानेंद्र के अनुसार, तेज रफ्तार खाली ट्रेलर के कारण हादसा हुआ, जिसने ऑटो को ट्रेलरों के बीच फंसाया। नियंत्रण खोने और वाहन की गति अधिक होने से दो लोगों की मौत हुई। चश्मदीद बताते हैं कि चालक ने आसपास के वाहनों और संकरी सड़क की स्थिति का सही अंदाज नहीं लगाया। इसके चलते हादसा हो गया।

सड़क किनारे वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई के लिए परिवहन निगम को पत्र लिखा गया है। पिछले 15 दिनों में कई बार अतिक्रमण हटाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से फिर अतिक्रमण हटाया जाएगा। किसी भी प्रकार की अवैध दुकान जीरो पॉइंट के समीप नहीं लगने दी जाएगी: ललित प्रताप पाल, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed