सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   CM Yogi said the state government is also working on medtech and agritech.

Gorakhpur News: टैलेंट को टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ा तो बनी यूपी की नई तस्वीर

Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Thu, 26 Mar 2026 03:04 AM IST
विज्ञापन
CM Yogi said the state government is also working on medtech and agritech.
विज्ञापन
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने यूपी के टैलेंट को टेक्नोलॉजी के साथ जोड़कर और इंडस्ट्री के हब के रूप में स्थापित करने में सफलता प्राप्त की है। आईटी, इलेक्ट्रॉनिक, एआई, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप और डाटा सेंटर से लेकर के एमएसएमई और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के सभी कार्य आज के दिन यूपी में हो रहे हैं। साइबर, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एग्रीटेक, फिनटेक, डीपटेक, हेल्थटेक, टूरिज्म, हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्र में उत्तर प्रदेश तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। सरकार मेडिटेक और एग्रीटेक पर भी कार्य कर रही है।
Trending Videos




सीएम योगी बुधवार को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में 144 बेड के गर्ल्स हॉस्टल के भूमि पूजन व शिलान्यास एवं साइबर फॉरेंसिक रिसर्च लैब के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले यूपी में पुलिस के पास ग्रेड वन के सिर्फ दो फॉरेंसिक साइंस लैब थीं। आज यूपी में ग्रेड वन की 12 फॉरेंसिक साइंस लैब है, जबकि छह निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा सभी 75 जिलों में दो-दो मोबाइल फॉरेंसिक लैब हैं। मैन पावर की पूर्ति के लिए लखनऊ में पुलिस के लिए विश्वस्तरीय फॉरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूट स्थापित हो चुका है। वहां फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पाठ्यक्रमों की शुरुआत भी हो चुकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


2017 में थे दो साइबर थाने, आज सभी जनपदों में



मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में प्रदेश में सिर्फ दो साइबर थाने थे। आज 75 जनपदों में साइबर थाने हैं। प्रदेश के 1681 थानों में एक साइबर हेल्प डेस्क भी है। प्रदेश के साइबर थानों ने साइबर अपराधियों से सैकड़ों करोड़ रुपये बचाने में सफलता प्राप्त की है। साइबर क्राइम से बचने, डीप फेक के मामलों को नियंत्रित करने, डॉक्यूमेंट को सुरक्षा प्रदान करने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।





युवाओं को मार्केट रेडी और इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स में बदलने का हुआ काम



मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के स्केल, इनोवेशन को टेक्नोलॉजी से जोड़कर उसे मार्केट रेडी और इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स में बदलने का काम किया है। यूपी भारत का कंज्यूमर स्टेट ही नहीं बल्कि डेमोग्राफिक डिविडेंड भी है। यहां के युवाओं को स्किल्ड करने के साथ ही इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ा जा रहा है। आज 96 लाख एमएसएमई यूनिट यूपी के अंदर हैं। तीन करोड़ से अधिक लोग एमएसएमई यूनिट में काम कर रहे हैं।





ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी में कार्य के लिए एमएमएमयूटी का चयन

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी बनाने के लिए दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की कार्ययोजना को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में वह जापान गए थे। जापान के पास ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी की एडवांस टेक्नोलॉजी है। जापान की वह टीम यूपी आ रही है। इस दिशा में कार्य करने के लिए हम लोगों ने एमएमएमयूटी का चयन किया है। हमारे पास अन्नदाता किसान भी हैं जो इथेनॉल से भी एनर्जी दे देंगे और जल से ग्रीन हाइड्रोजन मिल जाएगा। इस दिशा में कार्य हो रहे हैं।



एमपीआईटी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन 15 अप्रैल को, आएंगे टाटा संस के अध्यक्ष

मुख्यमंत्री ने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर गोरखपुर में एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रारंभ किया जा रहा है। महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) उसको आगे बढ़ा रहा है। इसमें एआई लैब, ड्रोन, साइबर क्राइम, स्पेस टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, थ्री डी प्रिंटिंग से जुड़ी वर्ल्ड क्लास लैब बन चुकी हैं। इसका उद्घाटन 15 अप्रैल को प्रस्तावित किया गया है। उद्घाटन अवसर पर टाटा संस के अध्यक्ष को बुलाया गया है। यहां के युवाओं के साथ उनके संवाद का कार्यक्रम भी रखा जा रहा है।



पावर ग्रिड के सीएसआर फंड से बनेगा हॉस्टल

पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 144 बेड के गर्ल्स हॉस्टल के लिए सीएसआर फंड से 13.67 करोड़ रुपये स्वीकृत किया गया है। इस संबंध में अगस्त 2025 में दीक्षांत समारोह के दौरान कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में दोनों संस्थानों के बीच एमओयू हुआ था। अब भूमिपूजन के साथ ही निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। पावर ग्रिड के जनसंपर्क विभाग के मुख्य प्रबंधक नीरज पांडेय ने बताया कि इस भवन को सितंबर 2027 तक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। बुधवार को शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पावर ग्रिड की ओर से निदेशक (प्रचालन) नवीन श्रीवास्तव, कार्यपालक निदेशक, उत्तरी क्षेत्र युगेश कुमार दीक्षित, कार्यपालक निदेशक(सीएसआर) जसबीर सिंह, स्वतंत्र निदेशक, शिव तपस्या पासवान मौजूद रहे।



सीएम ने सांसद रवि किशन की ली चुटकी

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने सांसद रवि किशन की चुटकी भी ली। महिला सशक्तीकरण पर बोलने के दौरान उन्होंने कहा कि वह मानते हैं कि जब अगला चुनाव आएगा तो रवि किशन की सीट पर भी कोई महिला दावेदार हो सकती है। इस बात पर हॉल में मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे। इस पर सीएम ने रवि किशन की ओर इशारा करते हुए कहा-देखिए! लोग चाहते हैं कि आपसे छुट्टी मिल जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed