अखिलेश बोले: कफ सिरप मामले में आरोपियों को सरकार का संरक्षण, चलाया जाए माफियाओं के घर पर बुलडोजर
Codeine cough syrup: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि कोडिन कफ सिरप के आरोपी इसलिए बचे हुए हैं क्योंकि इन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त है।
विस्तार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोडीन कफ सिरप मामले में आरोपियों और माफिया को सरकार का संरक्षण मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय रैकेट है, जिसमें 700 कंपनियों की संलिप्तता और हजारों करोड़ रुपये के घोटाले की बात सामने आ रही है। सरकार महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपा रही है।
प्रदेश सपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश ने मांग की कि मामले में शामिल सभी माफिया और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। मुख्यमंत्री के शेर पर शायराना जवाब देते हुए उन्होंने कहा, अपना चेहरा न पोछा गया आपसे, आईना बेवजह तोड़कर रख दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कुछ तस्वीरें दिखाकर सच्चाई से ध्यान भटकाना चाहती है।
यदि तस्वीरों में उनके साथ खड़ा व्यक्ति माफिया है, तो वही तस्वीरें मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के साथ भी हैं। अखिलेश ने तुकबंदी में कहा कि बच्चों की जान दांव पर लगाकर मुनाफा कमाया गया और अपनों को बचाने की कोशिश की गई। अखिलेश ने कहा कि जब सरकार खुद फंसने लगी तो समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में भी बड़े रैकेट की आशंका जताई।
अमिताभ ठाकुर की आवाज दबाने का आरोप
अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिखाई गई तस्वीर में शामिल व्यक्ति का हजारों वर्गफुट में मकान है, जो माफिया-अधिकारी गठजोड़ को दर्शाता है। पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की बात दबाने के लिए पुलिस द्वारा सीटी बजाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने इसे अन्याय बताया। साथ ही भाजपा सरकार पर संविधान और कानून न मानने तथा एनएफएस के जरिए पिछड़ों और दलितों को नौकरियों से वंचित करने का आरोप भी लगाया।
सपा ने चीन से जंग में मोर्चा लेने वाले जांबाज सैनिकों को किया सम्मानित
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में 1962 की जंग में रेजांग ला पोस्ट पर चीन से लड़ने वाले जांबाज सैनिकों को सम्मानित किया। इनमें कैप्टन रामचंद्र यादव, हवलदार नेहाल सिंह, गजेंद्र सिंह समेत 13 कुमायूं रेजीमेंट के एक्स सर्विस मैन रमेश कुमार, प्रमोद कुमार, राम किशोर यादव, नौमी लाल यादव, अभिमन्यु, इंद्रजीत यादव, रहीश पाल, पंकज यादव, संतोष कुमार, राम विजय, विपिन कुमार और शरद यादव शामिल हैं।
इस मौके पर अखिलेश ने अहीर रेजीमेंट बनाने की मांग की। कहा, अगर और भी कोई मांग करे तो उसकी रेजीमेंट बननी चाहिए। देश में पांच मिलिट्री स्कूल हैं, पर यूपी में एक भी नहीं है। उन्होंने लखनऊ, कन्नौज, इटावा और वाराणसी में भी मिलिट्री स्कूल बनाने की मांग की। इस दौरान लोहिया सभागार में फिल्म ‘120 बहादुर’ का प्रोमो भी दिखाया गया।
फिल्म देखकर 62 की जंग के जांबाज रामचंद्र यादव भावुक हो गए। उन्होंने इस सम्मान के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि अगर हम देश के काम आ जाएं, तो इससे बड़ा सौभाग्य कुछ नहीं। उन्होंने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि रक्षामंत्री रहते उन्होंने शहीद सैनिक का शव घर लाने की व्यवस्था के साथ सैनिकों का वेतनमान भी बढ़ाया था। अब अहीर रेजीमेंट बनवाने की जिम्मेदारी अखिलेश यादव की है।
