लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सोमवार को ऐशबाग जंक्शन और डालीगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं और विकास परियोजनाओं की प्रगति जानी। साथ ही आठ दिव्यांग रेलकर्मियों को स्कूटी बांटी।
जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि महाप्रबंधक ने ऐशबाग स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए गए कार्यों, सर्कुलेटिंग एरिया, बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय, टिकट खिड़की, प्लेटफॉर्म लाइटिंग और खानपान स्टॉल का निरीक्षण किया। स्वच्छता, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इसके अलावा, डालीगंज रेलवे स्टेशन पर मुख्य प्रवेश द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन भवन और 12 मीटर चौड़े पैदल उपरिगामी पुल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में डीआरएम गौरव अग्रवाल और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्वोत्तर रेलवे ओबीसी रेल कर्मचारी एसोसिएशन पदाधिकारियों ने ओबीसी वर्ग के कर्मचारियों की भर्ती में 27 फीसदी आरक्षण का पूर्ण पालन करने, ट्रैक मेंटेनर कर्मचारियों के लिए गैंग हट और लोको पायलट व ट्रेन मैनेजर के लिए सभी क्रू चेंजिंग पॉइंट पर प्लेटफॉर्म के अंतिम छोर पर क्रू हट की मांग की। ज्ञापन भी दिया गया। मंडल मंत्री संजय यादव, मंडल अध्यक्ष सीपी वर्मा, शाखा मंत्री मोहम्मद नसीम उपस्थित रहे।