IPL 2026: 'घरेलू मैदान में जीत के लिए तैयार', लखनऊ सुपरजायंट्स के सहायक कोच बोले- गेंदबाजी विभाग में आया सुधार
IPL 2026: लखनऊ सुपरजायंट्स के सहायक कोच लांस क्लूजनर ने कहा कि हम घरेलू मैदान में जीत के लिए तैयार हैं। टीम के गेंदबाजी विभाग में सुधार आया है। आगे पढ़ें पूरा अपडेट...
विस्तार
राजधानी लखनऊ स्थित इकाना स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) के सहायक कोच लांस क्लूजनर ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताया। मुकाबले की पूर्व संध्या पर हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि पिछले दो मैचों की जीत ने ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक माहौल तैयार कर दिया है।
हालांकि टीम अपना पहला घरेलू मैच हार गई थी, लेकिन अब वे नई लय और भरोसे के साथ प्रशंसकों के बीच लौट रहे हैं और यहां जीत से खाता खोलने की तैयारी करेंगे। क्लूजनर ने टीम की सफलता का श्रेय अपनी गेंदबाजी को दिया। उन्होंने कहा कि इस सीजन में सबसे बड़ा बदलाव गेंदबाजों के प्रदर्शन में आया है। खिलाड़ी व्यक्तिगत प्रदर्शन के बजाय एक टीम के तौर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जो घरेलू परिस्थितियों में टीम की सबसे बड़ी मजबूती बनकर उभरी है।
खिलाड़ी सही समय पर अपनी लय हासिल कर लेंगे
टीम के शीर्षक्रम के संघर्ष पर बात करते हुए सहायक कोच ने कहा कि टीम से कप्तान ऋषभ पंत और आयुष बदोनी के अलावा पिछले मैच के विजेता बनकर उभरे मुकुल चौधरी से शानदार खेल दिखाया है। टीम के अन्य बल्लेबाजों में शामिल निकोलस पूरन, एडन मार्करम और मिचेल मार्श को टी-20 फॉर्मेट में खुद को साबित करने की जरूरत नहीं है। यह एक लंबा टूर्नामेंट है और तीनों खिलाड़ी सही समय पर अपनी लय हासिल कर लेंगे और टीम के लिए बड़ा स्कोर बनाएंगे।
लखनऊ की चुनौतियों के लिए हम तैयार : विजय दहिया
गुजरात टाइटंस के असिस्टेंट कोच विजय दहिया एक बार फिर अपने पुराने घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में रणनीति बनाते नजर आएंगे। मुकाबले की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आईपीएल में पेशेवर रुख सबसे ऊपर होता है। यह मायने नहीं रखता कि मैं आज किस खेमे में हूं। पहले मैंने लखनऊ के लिए अपना शत-प्रतिशत दिया था और अब पूरी निष्ठा के साथ गुजरात के लिए काम कर रहा हूं।उन्होंने कहा कि यही इस लीग की खूबसूरती है। इकाना की पिच को लेकर दहिया ने बताया कि पिछला मुकाबला लाल मिट्टी पर खेला गया था, जबकि गुजरात का मुकाबला मिश्रित मिट्टी पर होने की संभावना है। दिन में मैच होने के कारण खिलाड़ियों के लिए अलग तरह की चुनौती होगी। दिल्ली के खिलाफ मिली रोमांचक जीत पर उन्होंने कहा कि टी-20 फॉर्मेट का स्वभाव ही करीबी मुकाबलों का है। हमारी टीम की ताकत यह है कि खिलाड़ी अंतिम गेंद तक हार नहीं मानते। हर मैच हमें कुछ नया सिखाता है। क्या करना है, या फिर किन गलतियों से बचना है।
कप्तान शुभमन गिल के बारे में दहिया ने कहा कि मुझे उन्हें रेट करने की जरूरत नहीं है। भारतीय क्रिकेट जगत उन्हें पहले ही बेहतरीन मान चुका है। उनकी कप्तानी में टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। राशिद के फॉर्म पर दहिया ने उन्हें एक बेहतरीन गेंदबाज बताया। उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी हर देश और हर लीग में इतना शानदार प्रदर्शन करता है, तो उससे उम्मीदें बहुत बढ़ जाती हैं। राशिद की सबसे बड़ी खूबी उनका शत-प्रतिशत समर्पण है, चाहे वह बल्लेबाजी हो, गेंदबाजी हो या फील्डिंग।
कैसा रहेगा इकाना स्टेडियम का मिजाज
आईपीएल के 19वें मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स और गुजरात टाइटंस की टीम इकाना स्टेडियम में आमने सामने होंगी। यह स्टेडियम में सत्र का दूसरा आईपीएल मुकाबला होगा। पिछले मुकाबलों के प्रदर्शन को आधार माना जाए तो यहां टॉस जीतने वाली टीम लक्ष्य का पीछा करने का फैसला कर सकती है।मौजूदा सीजन यहां अब तक एक ही मुकाबला खेला गया है जो कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 17.1 ओवर में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ 142 रनों का लक्ष्य हासिल करके छह विकेट से जीता। कहने को तो टी-20 फॉर्मेट में कोई भी लक्ष्य हासिल करना मुश्किल नहीं रह गया है, लेकिन जहां तक इकाना स्टेडियम की बात है तो यहां 180-190 से ऊपर का लक्ष्य प्रतिद्वंद्वी टीम के लिए चुनौती बन सकता है।
लखनऊ और गुजरात ने तैयारयों को दिया अंतिम रूप
आईपीएल-2022 में पदार्पण करने वाली लखनऊ सुपरजायंट्स और गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों ने मुकाबले की पूर्व संध्या पर अभ्यास करके अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इकाना स्टेडियम में चार से सात बजे तक चले अभ्यास सत्र के दौरान गुजरात की टीम पहले नेट्स पर उतरी।सत्र के दौरान टीम के हेड कोच आशीष नेहरा और कप्तान शुभमन गिल देर तक बातचीत करते दिखें। इस दौरान टीम के तेज गेंदबाज सिराज अहमद और प्रसिद्ध कृष्णा ने हरफनमौला खिलाड़ी राशिद खान के साथ देर तक नेट्स में गेंद डाली। उधर, लखनऊ की ओर से हेड कोच जस्टिन लैंगर के निर्देशन में कप्तान ऋषभ पंत, अब्दुल समद, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, एडन मार्करम समेत अन्य खिलाड़ियों ने अभ्यास किया।