Lucknow: शटर उचकाकर सराफ की दुकान से 26 लाख के जेवर पार, सीसीटीवी फुटेज में नजर आए तीन संदिग्ध
लखनऊ के गुडंबा बाजार में चोरों ने सराफा दुकान का शटर उचकाकर करीब 26 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध युवक नजर आए हैं। पीड़ित ने पुलिस पर एफआईआर में चोरी गए सामान का पूरा विवरण दर्ज न करने का आरोप लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुर्सी रोड स्थित गुडंबा बाजार में चोरों ने सराफा दुकान का शटर उचकाकर लाखों के जेवर और नकदी पार कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित सराफ ने पुलिस पर तहरीर में दिए गए चोरी के सामान का पूरा ब्योरा एफआईआर में दर्ज न करने का आरोप लगाया है।
तिवारी चौराहा, नहर रोड निवासी टुनटुन की गुडंबा बाजार में मनु ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। पीड़ित के मुताबिक बुधवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब 9:45 बजे पड़ोसी दुकानदार राहुल ने फोन कर दुकान का शटर उठा होने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही टुनटुन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में शटर उठाकर अंदर देखा गया तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि चोर करीब सात किलो चांदी, 17 ग्राम सोना और 13 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए जेवरों और नकदी की कीमत करीब 26 लाख रुपये है।
सीसीटीवी फुटेज में नजर आए तीन संदिग्ध
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दुकान के सामने बाइक से आए तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। फुटेज में तीनों दुकान की ओर जाते और कुछ देर बाद वापस लौटते नजर आए हैं। इनमें से एक युवक के हाथ में लोहे की रॉड भी दिखाई दी।
एफआईआर में सामान का ब्योरा न दर्ज करने का आरोप
पीड़ित टुनटुन का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में चोरी हुए सोने-चांदी और नकदी का पूरा विवरण दिया था, लेकिन एफआईआर में उसका उल्लेख नहीं किया गया। एफआईआर देखने के बाद वह थाने पहुंचे और इंस्पेक्टर से नाराजगी जताई।
इस पर पुलिस ने सूची को विवेचना में शामिल करने का आश्वासन दिया। इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
चोरी से पहले चेन बेचने पहुंचे थे संदिग्ध
पीड़ित सराफ के अनुसार सीसीटीवी में दिख रहे तीन संदिग्धों में से दो युवक बुधवार शाम करीब छह बजे दुकान पर एक चेन बेचने पहुंचे थे। शक होने पर उन्होंने चेन खरीदने से इनकार कर दिया था। इसके बाद दोनों युवकों ने पास की एक अन्य ज्वैलर्स दुकान पर भी चेन बेचने की कोशिश की, लेकिन वहां भी सफलता नहीं मिली। पीड़ित का कहना है कि संदिग्धों में एक युवक लंगड़ाकर चल रहा था। रात में वारदात के दौरान भी वही युवक कैमरे में दिखाई दिया।