लखनऊ: पढ़ाई के दबाव की वजह से बेटे ने की बाप की हत्या, आरी से काटा शव; नीले ड्रम में धड़ रख भरा सीमेंट
Son kills father: लखनऊ में शराब कारोबारी मानवेंद्र सिंह की उन्हीं के बेटे ने गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में शव को आरी से काटकर टुकड़े-टुकड़े कर दिए।
विस्तार
आशियाना के सेक्टर एल में रहने वाले शराब कारोबारी व पैथालॉजी संचालक मानवेंद्र सिंह (49) की उन्हीं के बेटे अक्षत प्रताप सिंह (21) ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद शव के टुकड़े कर दोनों हाथ व पैर पारा के सदरौना इलाके में फेंक दिए। सिर सहित धड़ घर के भीतर ड्रम से बरामद किया गया है। पुलिस ने बेटे के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी मध्य विक्रांत वीर के मुताबिक 21 फरवरी को आशियाना थाने पर मानवेंद्र सिंह की गुमशुदगी की शिकायत मिली थी। पुलिस ने सचिवालय सुरक्षा में तैनात मानवेंद्र के भाई अरविंद कुमार से मामले की जानकारी ली। इसके बाद अक्षत से पूछताछ की तो पता चला कि मानवेंद्र बेटे पर नीट परीक्षा की तैयारी का दबाव बना रहे थे। 20 फरवरी को सुबह 4:30 बजे इसी बात को लेकर पिता-पुत्र में विवाद हो गया। गुस्से में आकर अक्षत ने पिता को लाइसेंसी राइफल से गोली मार दी। मानवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त अक्षत की छोटी बहन कृति अपने कमरे में सो रही थी। आवाज सुनकर वह कमरे में पहुंची तो पिता का शव कमरे में पड़ा था। मानवेंद्र के पिता सुरेंद्र पाल सिंह सेवानिवृत्त दरोगा हैं। वह जालौन में रहते हैं। घटना सूचना पर आशियाना पहुंच गए हैं। पुलिस ने शव के टुकड़ों को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है। हाथ और पैर बरामद कर लिए गए हैं।
घर के भीतर रखे नीले ड्रम से बरामद हुआ धड़
वारदात मकान के तीसरे तल पर हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद वह शव को घसीटते हुए भूतल पर लाया। यहां खाली कमरे में शव रख दिया। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। पहले कार में लादकर गोमती नदी में फेंकने की साजिश रची, लेकिन शव का वजन ज्यादा था। इससे वह अकेले ऐसा नहीं कर पाया। इसके बाद आरी खरीदकर लाया और पिता के शव के टुकड़े कर दिए। धड़ ठिकाने नहीं लगा सकने पर नीला ड्रम खरीदकर लाया और उसमें डाल दिया। इससे पहले कि अक्षत धड़ को ठिकाने लगाता उसकी करतूत उजागर हो गई।
पिता के दोस्त से बोला, अंकल... पापा ने आत्महत्या कर ली है
पड़ोसियों को छानबीन करता देख अक्षत घबरा गया। उसे आभास हुआ कि पड़ोसियों को उस पर शक हो गया है। इसके बाद सोमवार दोपहर दो बजे उसने पिता के करीबी दोस्त सोनू को फोन किया। अक्षत ने उनसे कहा कि अंकल, पापा ने आत्महत्या कर ली है। यह सुनकर सोनू भागकर मानवेंद्र के घर पहुंचे।
परिजनों के मुताबिक सोनू ने अक्षत से पूछताछ शुरू की तो उसने बताया कि 20 फरवरी को पापा ने सुसाइड कर लिया था। सोनू ने देर से जानकारी देने पर उसे डांट लगाई। फटकार के बाद कड़ाई से पूछताछ की तो अक्षत टूट गया और पूरी कहानी बताई। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
खास बात यह है कि मानवेंद्र के भाई अरविंद उसी मकान में दूसरे तल पर परिवार के साथ रहते हैं। वारदात के वक्त भी वह दूसरे तल पर थे। हालांकि, सुबह होते ही परिवार के साथ जालौन चले गए। डीसीपी का कहना है कि कई बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
चार माह पहले घर से चोरी हुए थे जेवर
छानबीन में सामने आया है कि चार माह पहले मानवेंद्र के मकान से कीमती गहने चोरी हो गए थे। उन्होंने कामवाली पर शक जताते हुए थाने में शिकायत की थी। हालांकि, बाद में उन्हें पता चला कि जेवर कामवाली ने नहीं चोरी किए हैं। बेटे की करतूत छिपाने के लिए उन्होंने थाने से शिकायत वापस ले ली थी। इसके बाद से वह बेटे की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। 22 फरवरी को तड़के उन्होंने अक्षत को पढ़ाई के लिए समझाया था, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दे दिया। परिजनों ने बताया कि अक्षत ने एक कोचिंग से नीट की तैयारी की थी। वह दो बार परीक्षा भी दे चुका था, पर सफल नहीं हो पाया था। मानवेंद्र की चार पैथालॉजी और तीन शराब की दुकानें हैं। अक्षत ने लामार्ट से 12वीं की पढ़ाई की है।
आरोपी बोला, पिता ने निकाली थी राइफल
सिर में मारी थी गोली, बिस्तर जलाया
पुलिस के मुताबिक पिता ने रात में अक्षत को समझाया और फिर बिस्तर पर लेट गए। बगल में राइफल रखी थी, जिसे उठाकर अक्षत ने मानवेंद्र के सिर में गोली मार दी। अगले दिन वह बिस्तर, चादर व खून से सना तकिया कार में रखकर अमौसी पहुंचा और फिर बिस्तर में आग लगा दी।
एक बार फिर चर्चा में नीला ड्रम
मेरठ के ब्रह्मपुरी के बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड में नीला ड्रम चर्चा में आया था। सौरभ की हत्या करके पत्नी मुस्कान और प्रेमी साहिल शुक्ला ने शव को ट्रॉली बैग में रखकर ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी। शव के चार टुकड़े कर दिए थे, पर वह बैग में नहीं आया। ट्रॉली बैग का कुंडा भी टूट गया था। इसके बाद उन्होंने नीले ड्रम में शव को रखकर सीमेंट भर दिया था। अक्षत ने भी शव के टुकड़े कर धड़ को नीले ड्रम में भर दिया। पुलिस ने ड्रम, आरी, कार और अन्य सामान कब्जे में लिया है। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
बहन को चार दिन तक घर में रखा बंद पिता के टुकड़े कर लगाता रहा ठिकाने
आशियाना के सेक्टर एल-91 में 21 वर्षीय अक्षय प्रताप सिंह ने जब शराब कारोबारी पिता मानवेंद्र सिंह (49) की गोली मारकर हत्या की उस समय उसकी छोटी बहन कृति अपने कमरे में थी। गोली चलने की आवाज सुनकर वह भागकर तीसरे तल पर भाई के पास पहुंची। कमरे के अंदर का नजारा देखकर कृति सन्न रह गई। फर्श पर पिता का शव देखकर वह चीख पड़ी। इस पर अक्षत ने जान से मारने की धमकी देकर उसे चुप करा दिया।
पिता की हत्या से दहशत में आई कृति कुछ नहीं कर सकी। अक्षत ने उसे चार दिन तक घर में बंद करके रखा था। कृति काफी डरी हुई है। वह अब भी कुछ नहीं बोल पा रही है। पुलिस ने उसकी काउंसिलिंग की, पर वह शांत रही। परिजनों ने बताया कि अक्षत टीएस मिश्रा कॉलेज से बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। मानवेंद्र की पत्नी का वर्ष 2017 में देहांत हो गया था। कृति एलपीएस में 11वीं की छात्रा है। मानवेंद्र सालेह नगर और बुद्धेश्वर में वर्धमान नाम से पैथालॉजी भी चलाते थे।
पड़ोसियों को गुमराह करता रहा
पिता की हत्या के बाद अक्षत बार-बार घर से बाहर निकल रहा था। पड़ोसियों के पूछने पर उसने कहा कि पिता 19 फरवरी को काम से दिल्ली गए थे और वापस नहीं लौटे। अक्षत ने ही 20 फरवरी को इसकी शिकायत थाने में की थी, ताकि उस पर कोई शक न करे। पड़ोसियों के पूछने पर उसने कहा कि पुलिस से शिकायत की है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। इस पर पड़ोसी उसे लेकर थाने पहुंचे। थाने से सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने एडीसीपी से शिकायत की।
घर से बाहर जाते नहीं दिखे मानवेंद्र तो गहराया शक
पड़ोसियों ने 19 फरवरी की रात में घरों के बाहर लगे कैमरे खंगाले। इस दौरान रात 12 बजे के करीब मानवेंद्र अपनी कार से घर के भीतर जाते नजर आए। इसके बाद से वह बाहर निकले ही नहीं। फुटेज देखने के बाद पड़ासियों को शक हुआ तो उन्होंने छानबीन की। पड़ताल में अक्षत कार लेकर जाते दिखाई दिया। लोकेशन निकलवाने पर वह सदरौना में पाया गया। इसके बाद लोगों ने संदेह के आधार पर पुलिस को सूचना दी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
