UP: नोएडा में IAS संदीप भागिया के खिलाफ 60 अफसरों का 'विद्रोह', शासन से की शिकायत, असंतोष खुलकर सामने आया
गौतमबुद्धनगर में तैनात एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ 60 से अधिक अधिकारियों ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि बैठकों में अपमानजनक व्यवहार और सार्वजनिक फटकार से विभाग में तनाव का माहौल बना हुआ है। अधिकारी संगठनों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्य कर विभाग के गौतमबुद्धनगर जोन में तैनात आईएएस अपर आयुक्त संदीप भागिया के खिलाफ अधिकारियों का असंतोष खुलकर सामने आ गया है। डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह की पत्नी द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायत पत्र के बाद अब नोएडा जोन के 60 से अधिक अधिकारियों ने भी प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव राज्य कर और राज्य कर आयुक्त को संयुक्त शिकायत भेजकर अपर आयुक्त के व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
अधिकारियों ने अपने पत्र में लिखकर आरोप लगाया है कि अपर आयुक्त का व्यवहार "अत्यंत अपमानजनक, असंवेदनशील एवं अधिकारियों का मनोबल तोड़ने वाला" है। शिकायतकर्ता अधिकारियों का आरोप है कि समीक्षा बैठकों में अधिकारियों को सार्वजनिक रूप से फटकारना और व्यक्तिगत टिप्पणियां करना सामान्य बात हो गई है, जिससे विभागीय वातावरण प्रभावित हो रहा है।
पत्र में लगाए गए गंभीर आरोप
अधिकारियों ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि 12 जून को आयोजित समीक्षा बैठक में डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह को सभी अधिकारियों के सामने अपमानित किया गया। पत्र के अनुसार, अधिकारी ने पुलिस भर्ती परीक्षा में ड्यूटी के कारण कार्य प्रभावित होने की जानकारी दी थी, लेकिन इस पर अपर आयुक्त ने असामान्य रूप से आक्रामक प्रतिक्रिया दी।
पत्र में कहा गया है कि घटना के बाद अधिकारी की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें चिकित्सकीय सहायता लेनी पड़ी। शिकायतकर्ताओं ने इसे केवल एक अधिकारी का मामला नहीं बल्कि पूरे अधिकारी वर्ग के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया है।
भय और तनाव का माहौल
अधिकारियों ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि अपर आयुक्त के कार्यभार संभालने के बाद से जोन में भय और तनाव का वातावरण बना हुआ है। अधिकारियों का आरोप है कि अधीनस्थ अधिकारियों से संवाद के बजाय दबाव और सार्वजनिक फटकार की कार्यशैली अपनाई जा रही है, जिससे कार्यकुशलता प्रभावित हो रही है। शिकायत में कहा गया है कि अनेक अधिकारी मानसिक तनाव महसूस कर रहे हैं और कई बार अधिकारियों को सम्मानजनक कार्य वातावरण नहीं मिल पा रहा है।
तीनों अधिकारी संघों ने भी खोला मोर्चा
मामले को लेकर राज्य कर विभाग के तीनों अधिकारी संगठनों ने संयुक्त बैठक कर प्रस्ताव पारित किया है। संगठनों ने राज्य कर आयुक्त को भेजे पत्र में कहा है कि गौतमबुद्धनगर जोन के अधिकारियों में गहरा आक्रोश है और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
संयुक्त मंच ने अपने प्रस्ताव में कहा कि किसी भी अधिकारी के साथ सार्वजनिक रूप से अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता और इससे पूरे विभाग का मनोबल प्रभावित होता है।
जांच की मांग
60 से अधिक अधिकारियों के हस्ताक्षर वाले पत्र में शासन से मांग की गई है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोष तय किया जाए और अधिकारियों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इस पूरे प्रकरण में अपर आयुक्त संदीप भागिया से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।