UP Big News: योगी बोले- जरूरत पर लें पेट्रोल-डीजल, बच्ची की लाश आटे के ड्रम में छिपाई; तीन की जिंदा जलकर मौत
UP Big News: उत्तर प्रदेश में आज दिनभर राजनीति से लेकर प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और मौसम तक कई अहम घटनाएं सामने आईं। राज्य के अलग-अलग जिलों से जुड़ी कई बड़ी खबरें सुर्खियों में रहीं, जिनका सीधा असर आम जनता की जिंदगी पर पड़ता है। आइए एक ही खबर में पढ़ते हैं, उत्तर प्रदेश की आज की सबसे बड़ी और अहम खबरें।
विस्तार
CM योगी बोले-अफवाहों से सतर्क रहिए, जरूरत हो तभी पेट्रोल-डीजल लेने जाएं
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ईरान-इजराइल युद्ध लंबा खिंचा तो हर व्यक्ति प्रभावित होगा। हमें मानसिक रूप से तैयार रहना होगा। अफवाहों पर ध्यान नहीं देना है। कुछ लोग अफवाह फैलाकर माहौल खराब कर रहे हैं। जरूरत हो तभी पेट्रोल डीजल लेने जाएं। अफवाह के चक्कर में जब पड़ते हैं तब लोग हमारी राष्ट्रभक्ति पर संदेह करते हैं। पढ़ें पूरी खबर
अखिलेश यादव का तंज, बोले- एलपीजी का मतलब लापता गैस
यूपी में एलपीजी की किल्लत को लेकर गैस एजेंसियों के सामने लगी लंबी लाइनों को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों को लाइनों में लगाने के अलावा किया ही क्या है। अब मैं देख रहा हूं कि लोग पेट्रोल के लिए भी लाइनों में लगे हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर
फैक्टरी-बूचड़खानों के दूषित पानी से फसलों की सिंचाई, हर दूसरा व्यक्ति बन रहा गैस्ट्रो का मरीज
अलीगढ़ के मथुरा रोड ही नहीं खैर मार्ग पर फैक्टरियों व बूचड़खानों से निकले दूषित पानी से फसलों की सिंचाई हो रही है और लेड, कैडमियम और क्रोमियम जैसी भारी धातुओं के अंश अनाज के जरिये मानव शरीर तक पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार इससे गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल रोग, लीवर डैमेज, किडनी फेलियर और हृदय रोग के मरीज बढ़ रहे हैं। हर दूसरा व्यक्ति पेट में गैस (गैस्ट्रो) के रोग से पीड़ित है। पढ़ें पूरी खबर
मन्नतों के बाद जन्मी थी इकलौती संतान, तेंदुए ने ले ली जान
लखीमपुर खीरी के सिंगाही क्षेत्र के फुटहा फार्म में तेंदुए के हमले में सात वर्षीय सिमरन की मौत की घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं। करीब 60 वर्ष की उम्र में जोगा सिंह को मन्नतों के बाद इकलौती संतान का सुख मिला था, जिसे बुधवार शाम तेंदुए ने छीन लिया।
घर में घुसा तेंदुआ माता-पिता के सामने मासूम बेटी को दबोच ले गया। इकलौती बेटी की मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस संतान के लिए जोगी सिंह ने परिवार की सहमति से तीन शादियां की, उस संतान को तेंदुए ने छीन लिया। इस घटना ने क्षेत्र के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया। पढ़ें पूरी खबर
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की फिर बढ़ीं मुश्किलें
वाराणसी में मुस्लिम महिला फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हनुमान चालीसा फेम नाजनीन अंसारी ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बयान 'इन्द्रेश कुमार ने 10 लाख हिन्दू लड़कियों की शादी मुस्लिम घरों में कराई है' पर आपत्ति जताई है। इस आरोप को पूरी तरह झूठ बताते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तहरीर दिया है। पढ़ें पूरी खबर
आठ वर्षीय बच्ची की हत्या: इसलिए आटे के ड्रम में छिपाई लाश
आगरा के ताजगंज में 8 साल की बच्ची की हत्या कर शव को आटे के ड्रम में छिपा दिया गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। किरायेदार आरोपी फरार है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और हत्या के कारणों की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर
दो ट्रकों में जोरदार भिड़ंत के बाद लगी आग, तीन की जिंदा जलकर मौत
महोबा-बांदा नेशनल हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना कस्बा थाना से करीब तीन किलोमीटर दूर मुंडेरी मोड़ के पास हुई। हादसा बृहस्पतिवार की सुबह का है।
कबरई से बांदा जा रहे गिट्टी भरे ट्रक के चालक सुरेश पांडे (55) और बांदा से महोबा जा रहे खाली ट्रक के चालक सूरज नाथ उर्फ साधु तथा क्लीनर सनी की इस हादसे में मौत हो गई। गिट्टी भरे ट्रक का क्लीनर सुलतानपुर निवासी अभिषेक यादव (23) घायल हो गया। पढ़ें पूरी खबर
पत्नी बनी पराई, मजहबी सरहदें लांघ कर मुस्लिमों ने दी तेजपाल को अंतिम विदाई
हिंदू-मुस्लिम एकता की कई मिसालें पेश कर चुके अगवानपुर में बुधवार को गंगा-जमुनी तहजीब का एक और बड़ा उदाहरण सामने आया। पत्नी समेत अपनों की बेरुखी का लंबे समय से सामना कर रहे 76 वर्षीय तेजपाल सिंह ने अंतिम सांस ली तो भी उनके अपनों का दिल नहीं पसीजा। तलाकशुदा पत्नी के आने से इन्कार और गांव में कोई रिश्तेदार न होने से कस्बे के एक हिंदू युवक ने अपने हाथों उनकी अंत्येष्टि व मुखाग्नि का जज्बा दिखाया। पढ़ें पूरी खबर
बस में खिड़की से झांक रहा था बच्चा, दुकान के टीनशेड से टकराकर कट गई गर्दन
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 15 वर्षीय किशोर की बरात की बस में खिड़की से झांकते समय दुकान के टीनशेड से गर्दन टकराने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा थाना रामगढ़ क्षेत्र के आकाशवाणी रोड पर तब हुआ जब अलीगढ़ से आई एक बरात की बस गेस्ट हाउस की ओर जा रही थी। संकरी सड़क पर बस के गुजरने के दौरान हुई इस दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पढ़ें पूरी खबर