यूपी: नशे में था डबल डेकर बस का ड्राइवर, डिवाइडर से टकराकर पलटी गाड़ी, जानिए कैसे हुईं पांच दर्दनाक मौतें
Purvanchal Expressway Accident: लखनऊ से गुजरने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
विस्तार
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गोसाईंगंज के जौखंडी गांव के पास सोमवार शाम साढ़े चार बजे डबलडेकर स्लीपर बस (एचएआर 55 एएफ 1323) पलट गई। हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 31 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एपेक्स ट्रॉमा-2 में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि बस चालक नशे में धुत था।
पंजाब के लुधियाना से दरभंगा, बिहार जा रही बस में कुल 40 लोग सवार थे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस जौखंडी गांव के पास पहुंची थी। आरोप है कि नशे में होने के कारण चालक को झपकी आ गई। इसके बाद अनियंत्रित बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। घटना के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। हादसे से चीख पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे राहगीर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने लगे। बाद में पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। 33 घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी गोसाईंगंज भिजवाया गया जहां पांच घायलों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मरने वालों में तीन बच्चे भी, शिनाख्त नहीं
डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल के मुताबिक बस हादसे में मरने वालों में तीन बच्चों के अलावा एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। मरने वालों की पहचान नहीं हो सकी है। शवों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। शिनाख्त के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी जाएगी।
हादसे के बाद भाग निकला चालक
मौके पर पहुंचे अफसर, घायलों का लिया हाल
पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सिंह सेंगर, जिलाधिकारी विशाख जी, परिवहन विभाग और यूपीडा के अफसर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हादसे की वजह पता लगाने के निर्देश दिए। अफसरों ने एपेक्स ट्रॉमा-2 जाकर घायलों का हाल भी लिया। शासन ने घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने भी अस्पताल पहुंचकर इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया।
हादसे में ये हुए घायल
बिहार के रहने वाले रूपेश, प्रभात, रोहित, रंजय कुमार, रमन कुमार, फरमान, रेनू देवी, सितारा देवी, पानीपत से बिहार जा रहे गौरव कुमार, ओमकार सिंह, रवींद्र कुमार, रघुनंदन, ऋषभदेव और राजू को हाथ में चोटें आई हैं। इसके अलावा सुलेखा, पूनम, काव्या, संजू, गुंजा, सिद्धार्थ, अभिलाषा, शिव कुमार, प्रमोद, रवींद्र कुमार, जितेंद्र सिंह, रेणु देवी, राजेंद्र कुमार, राजकुमारी, हरियाणा के राजा कुमार, नेपाल के परशुराम और विमल भी घायल हैं।
बस के सभी कागजात थे पूरे
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना की शिकार हुई डबलडेकर बस संख्या एचएआर 55 एएफ 1323 गुरुग्राम (हरियाणा) में पंजीकृत थी। भारत स्टेज चार श्रेणी की यह बस छह साल आठ माह पुरानी थी जिसका पंजीकरण 3 जून 2019 को हुआ था। इसकी फिटनेस 27 अगस्त 2027 को पूरी हो रही है। बस का टैक्स इस वर्ष 28 फरवरी तक वैध है, जबकि इंश्योरेंस 27 अगस्त तक मान्य है। परमिट 3 जून 2029 तक तथा पॉल्यूशन पीयूसीसी 11 फरवरी 2027 तक मान्य है। आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय ने बताया कि कागजातों के लिहाज से बस पूरी तरह फिट थी। परमिट, इंश्योरेंस, टैक्स, पॉल्यूशन आदि पूरे थे।
