यूपी: कोहरे को लेकर एडवाइजरी जारी, विमान लेट होने पर यात्रियों को भोजन देने का निर्देश; मिलेगा रिफंड भी
Fog in UP: कोहरे के दौरान लेट होने वाली विमान सेवाओं को लेकर एडवाइजरी जारी हुई है। अब विमान लेट होने पर यात्रियों को भोजन देने के निर्देश दिए गए हैं।
विस्तार
कड़ाके की ठंड के बीच उत्तर प्रदेश में कोहरे का कहर बढ़ता जा रहा है। सबसे ज्यादा असर रेल व हवाई सेवाओं पर पड़ा। मंगलवार को कोहरे के कारण वाराणसी में चार और गोरखपुर में एक उड़ान रद्द रही। शेष विमान देरी से उड़ान भर सके। लखनऊ, कानपुर और प्रयागराज में भी विमानों का संचालन प्रभावित रहा। दिल्ली में भी घने कोहरे से 264 उड़ानों पर असर पड़ा। इससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। इस बीच, केंद्र सरकार ने सभी एयरलाइंस को उड़ानों में विलंब होने पर यात्रियों के भोजन की व्यवस्था करने और रद्द होने पर उनके टिकट की दोबारा बुकिंग करने या पैसे लौटाने के निर्देश दिए हैं।
यात्रियों को मिले हरसंभव मदद
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सभी एयरलाइंस को निर्देश दिया कि वे यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करें। मंत्रालय ने कहा कि खराब मौसम के कारण बने इन हालात में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखा जाए। अगर घने कोहरे से उड़ानें प्रभावित होती हैं, तो एयरलाइंस को यात्रियों को हरसंभव मदद देनी होगी। इनमें देरी वाली उड़ानों के यात्रियों के लिए भोजन उपलब्ध कराना, रद्द उड़ानों के मामले में दोबारा टिकट की बुकिंग या रिफंड, समय पर चेक-इन के बाद बोर्डिंग से इन्कार न करना, सामान की सुविधा और शिकायतों का त्वरित निवारण शामिल है।
प्रदेश में कानपुर सबसे ठंडा... बारिश से होगा नए साल का स्वागत
प्रदेश में मंगलवार को 4.4 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर में सबसे ठंडी रात रही। घने कोहरे की वजह से प्रयागराज, आगरा, गाजियाबाद और सहारनपुर में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। इस बीच मौसम विभाग ने नए साल का स्वागत बारिश से होने की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर समेत पश्चिमी यूपी के 17 जिलों में छिटपुट बूंदाबांदी के संकेत हैं।
प्रदेश में कई जिलों में मंगलवार को घना कोहरा छाया रहा। इससे हमीरपुर में दृश्यता 20 मीटर और अमेठी, अलीगढ़, झांसी, फतेहपुर 50 मीटर तक पहुंच गई। हालांकि इस बीच राहत भरी खबर है कि अगले चार दिनों में दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़त होगी। बुधवार के लिए प्रदेश के 37 जिलों के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है। साथ ही 17 जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट यानी शीत दिवस की चेतावनी जारी किया गया है।
